Kanpur: 4.72 करोड़ से दक्षिण अस्पताल को मिली ऑक्सीजन, बिछने लगी पाइपलाइन और जल्द आएंगे उपकरण, पढ़ें अपडेट
Kanpur News: केशव नगर स्थित 100 बेड अस्पताल के लिए 4.72 करोड़ का बजट जारी होने से फर्नीचर, उपकरण और ऑक्सीजन पाइपलाइन का काम शुरू हो गया है। मार्च तक 50 डॉक्टरों और 150 स्टाफ की तैनाती मिलते ही यहां ओपीडी सेवाओं का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
विस्तार
कानपुर में दक्षिण अस्पताल शुरू होने की उम्मीद एक बार फिर से जगी है। केशवनगर स्थित 100 बेड अस्पताल में फर्नीचर व उपकरणों के लिए करीब पौने पांच करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इससे अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन बिछने का कार्य शुरू हो गया है। इस राशि से उपकरण मंगाए जाएंगे। इसके बाद मैनपॉवर आते ही यहां सबसे पहले ओपीडी का संचालन शुरू हो जाएगा। बजट से वार्डों के लिए बेड भी आ गए हैं।
ओपीडी के संचालन से जुड़ी सामग्री जैसे कुर्सी, मेज, डेस्क आदि भी आना शुरू हो गई हैं। इसी बजट से मैट्रेस, आईवी स्टैंड, बेेडसाइड लॉकर्स आ गए हैं। आईसीयू, ओटी के लिए सामान आने के अलावा अल्ट्रासाउंड, एक्सरे मशीन, पैथोलॉजी लैब से संबंधित उपकरण सहित सभी चिकित्सकीय उपकरण भी आएंगे। अगर मैनपॉवर इस महीने के अंत तक मिल सकता है। ऑक्सीजन पाइपलाइन बिछने में छह से आठ सप्ताह तक लगेंगे।
50 डॉक्टर और 150 स्टाफ मांगा
अफसरों के अनुसार, मार्च में ही मैनपॉवर मिलने की संभावना है। स्टाफ के लिए पहले ही शासन को पत्र लिखकर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, सफाई कर्मचारियों को उपलब्ध कराने की मांग की गई है। 50 डॉक्टर और 150 स्टाफ मांगा गया है। 100 बेड के अस्पताल में नेत्र रोग, अस्थि रोग, बाह्य रोगी, दंत रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, नाक कान गला रोग, इमरजेंसी, सर्जरी, पैथोलॉजी विभाग की सुविधाएं मिलेंगी।
ऑक्सीजन पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू
इसके अलावा अस्पताल में आईसीयू, ओटी, लेबर रूम, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की सुविधा भी होगी। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि 4.72 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है। इससे अस्पताल में कुछ उपकरण आ गए हैं। ऑक्सीजन पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। मैनपॉवर मिलते ही ओपीडी शुरू कर दी जाएगी।
उद्घाटन के लिए कई बार बढ़ चुकीं तारीखें
अस्पताल 2025 में भी शुरू नहीं हो सका था, जबकि इसके शुरू होने की तारीख पर तारीखें बढ़ती गईं। अगस्त 2024 में कार्यदायी संस्था ने इसका कार्य पूरा हो जाने का वादा किया जो पूरा नहीं हो सका। इसके बाद संस्था ने इसे मार्च 2025 में पूरा करने की तारीख दी पर हैंडओवर नहीं किया। आखिर में अप्रैल में सूचना आई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे पर तब तक अस्पताल में बिजली की सप्लाई भी शुरू नहीं हुई थी।
मैनपॉवर न होने से अभी तक मामला अटका है
मैनपॉवर और उपकरणों का कुछ अता-पता न होने के चलते तुरंत इसे फिर से पीएम की उद्घाटन लिस्ट से हटाया गया। अक्तूबर में संस्था ने इसे स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित किया। उस समय स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया था कि जनवरी 2026 में इसे शुरू कर ही देंगे लेकिन उपकरण और मैनपॉवर न होने से अभी तक मामला अटका ही है।