Kanpur Weather: 48 घंटे में 6.8 डिग्री लुढ़का पारा; 31 से ओलावृष्टि-बारिश के आसार, पछुआ हवा छुड़वाएगी कंपकंपी
Weather News: बादलों और पछुआ हवाओं के चलते 48 घंटों में पारा 6.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे ठिठुरन काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी से दो फरवरी के बीच शहर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
विस्तार
कानपुर में हवाओं की बढ़ती रफ्तार और धूप कम निकलने से 48 घंटों में दिन का पारा 6.8 डिग्री लुढ़क गया है। गुरुवार शाम ठंडी हवाओं की रफ्तार बढ़ने सेे ठिठुरन भी बढ़ गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ आने के बाद अगर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना तो बारिश होगी।
31 जनवरी से दो फरवरी के बीच स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश, ओलावृष्टि की भी संभावना है। गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहे। 24 घंटे में दिन का अधिकतम पारा 3.9 डिग्री और रात का न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री नीचे आ गया। करीब चार किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बही दक्षिणी-पश्चिमी हवा ने ठंड में इजाफा कर दिया।
पश्चिमी हवाएं मैदानी इलाकों में कंपकंपी छुड़वाएंगी
शनिवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ पहुंचेगा। इससे हिमालयीय क्षेत्र में तेज बारिश और बर्फबारी होगी, उसके बाद पश्चिमी हवाएं कानपुर परिक्षेत्र समेत गंगा के मैदानी इलाकों में कंपकंपी छुड़वाएंगी। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कोहरे की पर्त ऊपर की ओर चली गई है।
सुबह और रात को हल्का कोहरा रहने की संभावना
इससे धूप नरम पड़ गई है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से भी नम हवाएं आ रही हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे। एक और दो फरवरी को तेज हवाएं चलेंगी। गरज के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश और सुबह और रात को हल्का कोहरा रहने की संभावना है।
