Kanpur: जिम संचालक की करतूत! विटामिन के नाम पर किशोर को लगाए स्टेरायड के इंजेक्शन; हालत बिगड़ने पर खुला राज
Kanpur News: एक किशोर ने जिम संचालक पर विटामिन बताकर स्टेरॉयड के इंजेक्शन लगवाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर जिले के बर्रा थाना क्षेत्र से सेहत बनाने की चाह रखने वाले युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ का एक बेहद चौंकाने वाला और डरावना मामला सामने आया है। यहां एक जिम संचालक ने मसल्स तेजी से बढ़ाने और बॉडी बनाने का झांसा देकर एक किशोर को विटामिन के नाम पर प्रतिबंधित और खतरनाक स्टेरायड के इंजेक्शन ठोक दिए।
इस फर्जीवाड़े के बदले आरोपी ने किशोर से लाखों रुपये भी ऐंठ लिए। जब इंजेक्शन के साइड इफेक्ट्स के कारण किशोर की तबीयत बिगड़ने लगी और उसकी सांसें फूलने लगीं, तब डॉक्टरों की जांच में इस बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ। पीड़ित ने इस धोखाधड़ी और जान से खिलवाड़ के मामले में पुलिस कमिश्नर से मिलकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
छह महीने पहले जिम संचालक ने दिया था झांसा
पूरे मामले के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बर्रा-आठ के रहने वाले सौम्य प्रकाश ने पुलिस कमिश्नर को दी गई अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उन्होंने नवंबर 2024 में किदवई नगर इलाके में स्थित एक जिम में अभ्यास शुरू किया था।
जिम में लगातार पसीना बहाने के बाद भी जब उन्हें कोई खास परिणाम नहीं मिला, तो करीब छह महीने पहले उन्होंने इस बारे में जिम संचालक से बात की और कहा कि उनकी सेहत नहीं बन रही है। इस पर शातिर जिम संचालक ने उन्हें झांसा दिया कि नॉर्मल डाइट से मसल्स बनने में वक्त लगेगा।
उसने सौम्य को तेजी से मसल्स बढ़ाने के लिए एक विशेष विटामिन का कोर्स करने की सलाह दी और दावा किया कि इस इंजेक्शन में मैग्नीशियम, शिलाजीत और मल्टी-विटामिन का ऐसा मिश्रण है जिससे शरीर बहुत तेजी से सुडौल और मजबूत हो जाएगा।
विटामिन के नाम पर ऐंठे 2.50 लाख
जिम संचालक की बातों में आकर सौम्य प्रकाश इस महंगे कोर्स के लिए तैयार हो गए। आरोप है कि जिम संचालक ने इस कथित विटामिन कोर्स के नाम पर प्रति माह 30 हजार रुपये के हिसाब से सौम्य से कुल 2.50 लाख रुपये एडवांस जमा करा लिए। रकम ऐंठने के बाद असली खेल शुरू हुआ और जिम संचालक सौम्य को बर्रा-दो स्थित एक डेंटल क्लीनिक में ले गया, जहां उन्हें लगातार कई इंजेक्शन लगाए गए।
जिम संचालक और उसकी पत्नी ने दी धमकी
इस जानलेवा धोखे का पता चलने के बाद जब पीड़ित सौम्य प्रकाश ने जिम संचालक के पास जाकर अपनी रकम वापस मांगी और विरोध दर्ज कराया, तो आरोपी अपनी करतूत पर शर्मिंदा होने के बजाय आगबबूला हो गया। आरोप है कि जिम संचालक और उसकी पत्नी ने पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया और पीड़ित को जान से मारने व पुलिस केस में फंसाने की धमकियां देते हुए जिम से भगा दिया।
पुलिस कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बर्रा थाना पुलिस को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अब उस डेंटल क्लीनिक और जिम संचालक के गठजोड़ की पड़ताल कर रही है, जहां ये अवैध और जानलेवा इंजेक्शन लगाए जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले ऐसे सेंटरों और झोलाछाप क्लीनिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।