Mahoba: ऑफीसर्स कॉलोनी चोरी कांड में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर बदमाशों के पैर में लगी गोली; चार गिरफ्तार
Mahoba News: शहर की ऑफीसर्स कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर की हाई-प्रोफाइल ऑफीसर्स कॉलोनी में नौ दिन पूर्व सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार करने वाले गिरोह का महोबा पुलिस ने देर रात एनकाउंटर में पर्दाफाश कर दिया। पठा रोड पर पुलिस घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर चोरों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की नकदी, आभूषण और असलहे बरामद किए हैं।
पठा रोड पर बंटवारे के दौरान घेराबंदी
एसपी शशांक सिंह ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ऑफीसर्स कॉलोनी में चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य पठा रोड पर पुलिया के पास एकत्र होकर चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना पर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय और सर्विलांस प्रभारी शिवप्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में यासीन उर्फ घोड़ा निवासी कांशीराम कॉलोनी और वारिस निवासी मिल्कीपुरा के पैर में गोली लगी और वे गिर पड़े।
दो अन्य दबोचे गए, दो साथियों की तलाश
फायरिंग के बीच पुलिस ने घेराबंदी कर दो अन्य साथियों नईम (निवासी बिच्छूपहाड़िया) और पीयूष राजपूत (निवासी पवा) को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों अभि राजपूत व विपिन राजपूत (निवासी चुरबरा) के साथ मिलकर 2 अगस्त को चचलेंद्र कुमार के बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वे चोरी का कुछ माल गलाकर बेच चुके थे और बाकी सामान व नकदी बांटने के साथ ही एक अन्य मकान में चोरी की योजना बना रहे थे।
तमंचा, कारतूस और जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,500 रुपये नकद, सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण, दो मोबाइल, दो तमंचे और पांच कारतूस बरामद किए हैं। सीओ सिटी रविकांत गोंड ने बताया कि घायल वारिस पर 15 और यासीन पर 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना में शामिल फरार चल रहे अभि और विपिन की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।