कानपुर: वृद्धा हत्याकांड का आरोपित केबल कर्मी फरार, शरीर पर मिले छह घाव
वृद्धा के शरीर पर छह घातक वार किए गए थे। क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में लगाई गई है। लाठी मोहाल में घर में घुसकर सुमन की हत्या कर दी गई थी। दोपहर बाद जब उनके पति सत्यनारायण घर पहुंचे थे तब इसकी जानकारी हुई थी।
विस्तार
लाठी मोहाल में सोमवार को घर में घुसकर की गई सुमन गौड़ (60) की हत्या के मामले में शक के दायरे में आए केबल कर्मी बउआ उर्फ सुनील कश्यप का सुराग पुलिस नहीं लगा सकी है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से गोदकर हत्या की पुष्टि हुई है।
वृद्धा के शरीर पर छह घातक वार किए गए थे। क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में लगाई गई है। लाठी मोहाल में घर में घुसकर सुमन की हत्या कर दी गई थी। दोपहर बाद जब उनके पति सत्यनारायण घर पहुंचे थे तब इसकी जानकारी हुई थी। वारदात के वक्त वह घर पर अकेली थीं।
डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि अलग-अलग तीन टीमें केस को सुलझाने में जुटी हैं। परिजनों ने केबिल कर्मी बउआ उर्फ सुनील कश्यप पर शक जताया है। उसकी तलाश की जा रही है।
तो पीछे के रास्ते से आए हत्यारे
वारदात से पहले सुमन की ननद कांता देवी वहीं मौजूद थीं। एक गली में लगे सीसीटीवी से स्पष्ट हुआ कि कांता देवी की मौजूदगी के दौरान ही सुनील वहां आया था। उसके बाद वह 11:48 बजे पर सुमन के घर से चला गया।
इसके बाद 11:52 बजे कांता भी वहां से चली गईं। इसके बाद घर में दाखिल होते कोई नहीं दिखाई दिया। दरअसल सुमन के घर जाने की एक दूसरी गली भी है, जिसमें सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। आशंका है कि इसी गली से हत्यारे आए और हत्या कर फरार हो गए। इस बिंदु पर तफ्तीश जारी है।
दो दिन पहले घर पहुंचा था सुनील
पुलिस के मुताबिक सुनील लाठी मोहाल में ही रहता है। केबिल के काम के सिलसिले में कई बार सुमन के घर जा चुका था। करीब 25 दिन पहले चैनल नहीं आ रहे थे तब सुनील से शिकायत की गई थी। मगर उसी दौरान टीवी खराब हो गया था। दो दिन पहले ही टीवी बनवाया गया, जिसके बाद सुनील चैनल ठीक करने आया था। कुछ देर रुका था और फिर चला गया था।
गले, सीने और चेहरे पर किए वार
पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक सुमन के गले, सीने और चेहरे पर धारदार हथियार से छह वार किए गए थे। अधिक खून बहने से सुमन की मौत हुई थी। इसके पहले हत्यारे ने गला दबाकर भी मारने का प्रयास किया था। डॉक्टरों ने बिसरा भी सुरक्षित किया है।