जालौन-बंगरा रोड पर खड़े टैंकर से टकराई बेकाबू कार, बाल-बाल बचे सवार; CCTV में कैद हुई घटना
Jalaun News: जालौन-बंगरा रोड पर न्यू गैलेक्सी होटल के सामने सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से एक कार टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जालौन-बंगरा रोड पर स्थित न्यू गैलेक्सी होटल के सामने एक अनियंत्रित कार सड़क पर खड़े पानी के टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि कार में सवार लोग इस भयानक हादसे में बाल-बाल बच गए। दुर्घटना की यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है।
सड़क पर लंबे समय से खड़े टैंकर से संकरी हुई सड़क
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पानी के टैंकर को लंबे समय से सड़क पर खड़ा करके अवैध रूप से अतिक्रमण किया जा रहा है। सड़क पर वाहन खड़ा रहने के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस बाबत कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
स्थानीय लोगों ने की अतिक्रमण हटाने की मांग
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क से तुरंत अतिक्रमण हटाने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अभी तक प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस घटना की जांच और सड़क से अतिक्रमण हटवाने की कवायद में जुट गई है।