{"_id":"69956c3117363d431a0d58d6","slug":"a-tanker-carrying-crude-oil-overturned-causing-a-massive-fire-2026-02-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kaushambi :कच्चा तेल लदा टैंकर पलटने से लगी भीषण आग, चालक-परिचालक घायल, कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर लगा लंबा जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kaushambi :कच्चा तेल लदा टैंकर पलटने से लगी भीषण आग, चालक-परिचालक घायल, कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर लगा लंबा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांंबी
Published by: विनोद सिंह
Updated Wed, 18 Feb 2026 01:07 PM IST
विज्ञापन
सार
सैनी कोतवाली क्षेत्र के लोहंदा मोड़ के पास कच्चा तेल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
सैनी में टैंकर पलटने के बाद लगी आग को बुझाती फायर ब्रिगेड की टीम।
- फोटो : संवाद।
विज्ञापन
विस्तार
सैनी कोतवाली क्षेत्र के लोहंदा मोड़ के पास कच्चा तेल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और टैंकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया।
Trending Videos
दिल्ली से कोलकाता कच्चा तेल लोड कर जा रहा टैंकर जैसे ही सैनी कोतवाली क्षेत्र के लोहंदा मोड़ के समीप नेशनल हाईवे पर पहुंचा था कि अचानक अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया और उसमें आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही सैनी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। मंझनपुर और सिराथू से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुला ली गईं। फायर कर्मियों ने देर रात तक लगातार प्रयास कर आग बुझाने का काम किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था।
प्रत्यक्षदर्शी राहगीर योगेंद्र ने बताया कि टैंकर चालक तेज रफ्तार में उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर आगे निकला था। कुछ ही दूरी पर जाकर वह बिजली के पोल से टकराकर पलट गया और उसमें आग लग गई। उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर दो अन्य लोगों की मदद से चालक और परिचालक को टैंकर से बाहर निकाला। साथ ही टैंकर में रखा सिलेंडर और अन्य सामान भी बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने आग बुझने के बाद यातायात को सुचारु कराया। सैनी कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह मौके पर मौजूद रहे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।