Kaushambi : किसान हत्याकांड का खुलासा- रिटायर वन दरोगा ने साथियों संग तवे से हमलाकर की थी किसान की हत्या
कोतवाली क्षेत्र के चक खुदायगंज गांव में 12 मार्च को मिले किसान के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी रिटायर वन दरोगा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तवा, खून से सना शर्ट व अन्य सामान बरामद किया है।
विस्तार

चक खुदायगंज गांव निवासी किसान राममूरत विश्वकर्मा (55) का शव 12 मार्च की शाम गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
डेरे पर बुलाकर किया हमला
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी रामदास पटेल रिटायर वन दरोगा है और वह चक खुदायगंज गांव में जमीन खरीदकर परिवार के साथ रह रहा था। उसे मृतक राममूरत पर सरसों चोरी करने का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।
12 मार्च की सुबह राममूरत उसके डेरे पर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर रामदास ने चूल्हे पर रखे गर्म तवे से राममूरत पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान वह चूल्हे में गिरकर झुलस गया और सिर पर तवे से वार होने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर शव को कमरे में छिपा दिया और रात में मौका पाकर खेत के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तवा, मृतक की चप्पल, गमछा और खून से सना शर्ट बरामद कर विधिक कार्यवाही करते हुए तीनों को जेल भेज दिया है।