Prayagraj : यूजीसी रेगुलेशन लागू करने और सामाजिक न्याय की उठी बुलंद आवाज
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन पर बुधवार को यूजीसी रेगुलेशन को सशक्त तरीके से लागू करने की मांग को लेकर ''समता महापंचायत'' का आयोजन हुआ।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन पर बुधवार को यूजीसी रेगुलेशन को सशक्त तरीके से लागू करने की मांग को लेकर ''समता महापंचायत'' का आयोजन हुआ। इस पंचायत के माध्यम से विश्वविद्यालयों में व्याप्त भेदभाव, शोषण और उत्पीड़न को दूर करने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के बाद छात्रसंघ भवन से बालसन चौराहे तक मार्च निकाला गया।
पंचायत को संबोधित करते हुए आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा ने कहा कि देश मनुस्मृति से नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान से चलेगा। जेएनयू छात्रसंघ की सह-सचिव कॉमरेड दानिश ने चेतावनी दी कि यदि संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा नहीं हुई, तो भाजपा सरकार देशव्यापी आंदोलन के लिए तैयार रहे।
दिल्ली विश्वविद्यालय की एक्टिविस्ट कॉमरेड अंजलि ने रोहित वेमुला और पायल तडवी जैसे छात्रों की शहादत को याद करते हुए यूजीसी रेगुलेशन की आवश्यकता बताई। आइसा प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार और आरवाईए सचिव सुनील मौर्य ने शैक्षणिक संस्थानों में खाली पड़े आरक्षित पदों और बढ़ते सरकारी दमन पर गहरा रोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शशांक और समापन इकाई अध्यक्ष सोनाली ने किया। इस महापंचायत में वरिष्ठ अधिवक्ता माता प्रसाद पाल, एडवोकेट आरके गौतम, रणविजय, मणिकांत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।