चकमार्ग की पैमाइश के दौरान बवाल: लेखपाल की मौजूदगी में चलीं लाठियां, दोनों पक्षों के लोग घायल, दो दर्जन नामजद
चकमार्ग की पैमाइश के दौरान चिल्लापुरवा गांव में दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। पूर्व प्रधान सोहनलाल व उनके पुत्र कैलाश समेत कई लोग घायल हुए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र के नौबना ग्राम पंचायत के चिल्लापुरवा गांव में गुरुवार को चकमार्ग की पैमाइश के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लेखपाल की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने से पूर्व प्रधान सोहनलाल व उनके पुत्र कैलाश समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर करीब दो दर्जन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व प्रधान सोहनलाल ने बताया कि गांव में चकमार्ग पर अतिक्रमण को लेकर वह करीब दस वर्षों से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। हाल ही में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर पैमाइश कराने और अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी। गुरुवार को हल्का लेखपाल ललित राजस्व टीम के साथ पैमाइश के लिए पहुंचे। उनका आरोप है कि उन्होंने पहले ही विवाद की आशंका जताते हुए पुलिस बल बुलाने की मांग की थी, लेकिन बिना पुलिस सुरक्षा के पैमाइश शुरू कर दी गई।
आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंच गए और गाली-गलौज के बाद हमला कर दिया। मारपीट में सोहनलाल, उनके पुत्र कैलाश समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लेखपाल और उनका मुंशी मौके से चले गए। सोहनलाल की तहरीर में रामखेलावन, प्रहलाद, विनीत, लालता प्रसाद, ओमप्रकाश, रामेश्वर, राकेश कुमार, मैकू, रामकुमार, नंदराम समेत अन्य लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
दूसरे पक्ष के लालता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि विपक्षी उनके घर के बीच से रास्ता निकालना चाहते थे। विरोध करने पर राजस्व टीम के सामने ही सोहन, राममूर्ति, सहजराम, रामकैलाश, पप्पू, केशवदयाल, श्रवण, सुनील, सोनू, सचिन, रामू, टनई सहित अन्य लोग लाठी-डंडे, धारदार हथियार और असलहों के साथ हमला करने लगे। इसमें वह स्वयं तथा ओमप्रकाश, अर्पित और रामेश्वर घायल हो गए।
सोहनलाल ने आरोप लगाया कि घायल अवस्था में थाने पहुंचने पर पुलिस ने तहरीर में केवल चार लोगों के नाम लिखने का दबाव बनाया। तहरीर बदलने से इनकार करने पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि थाना प्रभारी से हुई बातचीत का ऑडियो सुरक्षित रखा गया है और इसकी शिकायत क्षेत्राधिकारी व पुलिस अधीक्षक से की गई है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है।