मैनपुरी। सोने-चांदी के भाव में गिरावट से सराफा बाजार में रौनक दिखाई दे रही है। 15 दिनों में सोने के भाव में 17 हजार रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी के दाम में 44 हजार रुपये प्रति किग्रा की कमी आई हैं। लेकिन ग्राहकों को भाव में और गिरावट आने की उम्मीद है।
अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध का असर पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है। युद्ध के कारण सोने-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दिनों सोने-चांदी के दामों में बढ़ोतरी होने के सराफा कारोबार लगभग ठप सा पड़ गया था। लेकिन अब दाम कम होने से सराफा कारोबार तेज होने लगा है। 15 दिन पहले सोने के दाम 1,62,227 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के भाव 2,73,288 रुपये प्रति किलो थे।
मंगलवार को सोने का भाव 1,44,987 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के दाम 2,32,844 रुपये प्रति किलो रहा है। सराफा कारोबारियों का कहना है कि सोने-चांदी के दामों में गिरावट से बाजार में खरीदारी बढ़ी है। लेकिन अभी भी ग्राहकों को दाम में और कमी आने की उम्मीद है। कारोबारियों ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में दाम और कम होते है तो सराफा कारोबार पहले की तरह रफ्तार पकड़ सकता है।