UP News: सीएचसी की दूसरी मंजिल पर मिला वृद्ध मरीज का शव, बलगम की जांच कराने गया था; जांच में जुटी पुलिस
Mau News: मऊ के फतेहपुर मंडाव सीएचसी में इलाज कराने पहुंचे रमाकांत की दूसरी मंजिल की गैलरी में गिरने से मौत हो गई। वह बलगम जांच कराने गए थे, लेकिन जांच कक्ष बंद मिला। खून से लथपथ शव मिलने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: मऊ जिले के रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को इलाज कराने पहुंचे एक वृद्ध मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वृद्ध का शव अस्पताल की दूसरी मंजिल की गैलरी में मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के रमऊपुर निवासी रमाकांत (65) पुत्र दुखंती के रूप में हुई। पुलिस को उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान की गई। बताया जा रहा है कि रमाकांत शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे इलाज कराने के लिए फतेहपुर मंडाव सीएचसी पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल में डॉ. जितेंद्र कुमार को दिखाया था। चिकित्सक द्वारा कुछ जांचें लिखे जाने के बाद वह बलगम जांच कराने के लिए दूसरी मंजिल पर गए थे।
परिजनों में मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, जब रमाकांत जांच केंद्र पहुंचे तो वहां का कमरा बंद मिला। इसके बाद वह वापस नीचे आने लगे। इसी दौरान दूसरी मंजिल की गैलरी में अचानक गिर पड़े। कुछ देर बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी तब हुई जब अस्पताल में अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए भर्ती कराने आए परसुपुर निवासी इलियास अहमद वहां पहुंचे। उन्होंने रमाकांत को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने जांच के बाद वृद्ध को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बेलौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं घटना के बाद अस्पताल परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।