UP: पोस्टमार्टम के बाद लाश घर पहुंचते ही परिजन नाराज, पहुंची दो थानों की फोर्स; हत्यारों की गिरफ्तार की मांग
UP News: घोसी कोतवाली के खंतिया गांव में नाबालिग भतीजे ने चाकू घोंपकर चाचा की हत्या कर कर दी थी। मऊ में 15 घंटे शव रखकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर परिजन अड़ गए थे। इसकी सूचना पाकर सीओ पहुंचे। आश्वासन के बाद रामभवन का अंतिम संस्कार कराया गया।
विस्तार
UP News: घोसी कोतवाली क्षेत्र के खंतिया गांव में पोस्टमार्टम के बाद रामभवन यादव (42) का शव घर पहुंचते ही परिजन आक्रोशित हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग नहीं होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिए। रविवार की दोपहर सीओ जितेंद्र सिंह और नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा के समझाने पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए मान गए और दोहरीघाट में सरयू नदी के किनारे मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार कर दिया।
सुरक्षा को देखते हुए शनिवार की सुबह से रविवार की दोपहर तक दो थानों की पुलिस गांव में तैनात रही। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए घोसी कोतवाली, कोपागंज थाना, एसओजी और सर्विलांस की चार टीम गठित की गई है। टीम ने शनिवार की सुबह से रविवार की शाम तक संभावित जगहों पर छापा मारा, लेकिन सफलता नहीं मिली।
परिजनों में मचा कोहराम
शुक्रवार की रात आठ बजे रामभवन यादव का चचेरा भाई विजेंद्र यादव नशे की हालत में उनके दरवाजे पर पहुंचा और गाली देने लगा। मना करने पर विजेंद्र के 15 वर्षीय बेटे ने पिता के साथ मिलकर लाठी डंडे से रामभवन को पीटने लगा। जमीन पर गिरने के बाद चाकू से सीने में ताबड़ तोड़ वार कर हत्या कर दी।
रामभवन की पत्नी संगीता की तहरीर पर पुलिस ने विजेंद्र यादव, उसके बेटे, सुनीता और रामावती के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद से घर में ताला बंद कर सभी सदस्य भाग गए। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की शाम छह बजे शव घर पहुंचा तो परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और शव को फ्रीजर में रख दिए।
आरोपी की तलाश
रविवार की सुबह घोसी कोतवाली के अपराध निरीक्षक मोतीलाल पटेल व कोपागंज थाना के प्रभारी निवारीक्षक रविंद्रनाथ राय फोर्स के साथ खंतिया गांव पहुंचकर परिजनों से बात की, लेकिन वो मांग पर अड़े रहे।
सुबह करीब नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा और सीओ जितेंद्र सिंह ने पहुंचकर बात की, जिसपर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। सीओ ने बताया कि गठित टीम ने आजमगढ़ जिले में तीन, मऊ जनपद मुख्यालय स्थित तीन रिश्तेदारों के घर और कोपागंज में संभावित स्थानों पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी है। जल्द ही सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।