UP: देवबंद-मुजफ्फरनगर सीमा पर मिला युवक का सड़ा-गला शव, गले पर मिले दबाने के निशान, नहीं हो सकी पहचान
देवबंद-मुजफ्फरनगर बॉर्डर के आखलौर खेड़ी गांव के पास 22 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिला। गले पर दबाने के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शिनाख्त और जांच में जुटी है।
विस्तार
देवबंद और मुजफ्फरनगर की सीमा पर स्थित आखलौर खेड़ी गांव के पास रविवार रात एक 22 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए, लेकिन अब तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सड़ी-गली हालत में मिला शव
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि आखलौर खेड़ी के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है और सड़ी-गली हालत में मिला है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: West UP Weather: रातों-रात बदला मौसम, तेज हवा-बारिश से मिली राहत, अगले 24 घंटे ऐसा ही रहने के आसार
मुजफ्फरनगर के लापता युवक से जुड़ सकती है कड़ी
पुलिस को आशंका है कि शव मुजफ्फरनगर के कुटेसरा गांव से कई दिनों से लापता एक युवक का हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस लापता युवकों के रिकॉर्ड और आसपास के थानों से भी जानकारी जुटा रही है।
गले पर मिले दबाने के निशान
मृतक युवक के गले पर दबाने के निशान मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर फील्ड और तकनीकी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस कर रही पहचान के प्रयास
सीओ अभितेष सिंह ने बताया कि पुलिस शव की पहचान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। फील्ड और तकनीकी यूनिट की मदद से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
