Eid Ul Fitar: शांतिपूर्वक अदा हुई ईद की नमाज, अमन-चैन की दुआ, भाईचारे का संदेश, काली पट्टी बांधकर जताया दुख
मेरठ की शाही ईदगाह में हजारों लोगों ने ईद की नमाज अदा कर अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।
विस्तार
मेरठ में ईद-उल-फितर के मौके पर शाही ईदगाह में हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की। सुबह से ही नमाजियों की भीड़ ईदगाह की ओर उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
शाही ईदगाह में नमाज के बाद शहर काजी डॉ. जैनुस सालिकन ने सभी को शिक्षित बनने, गुनाहों से दूर रहने और आपसी भाईचारा बढ़ाने की नसीहत दी। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का भी संदेश दिया।
इस दौरान मुल्क में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए खास दुआ कराई गई। साथ ही अंतरराष्ट्रीय हालात पर चिंता जताते हुए शांति की अपील की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईदगाह में कुछ नमाजी हाथों में काली पट्टी बांधकर पहुंचे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संघर्ष में मारे गए लोगों, खासकर बच्चों के प्रति दुख व्यक्त किया और शांति की कामना की।
ईद के मौके पर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। ईदगाह पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिससे नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
बच्चों में दिखा खास उत्साह
नमाज के बाद बच्चों ने बाहर निकलकर खिलौनों की खरीदारी की और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। बड़ों ने भी बच्चों को ईदी देकर खुशियों में शामिल किया।
शहर में दिखी ईद की रौनक
ईद के अवसर पर पूरे शहर में रौनक देखने को मिली। बाजारों में लोगों की भारी भीड़ रही और हर तरफ त्योहार की खुशियां नजर आईं।