West UP Weather: पारा 43 के पार, सबसे गर्म दिन रहा बुधवार; लू से वेस्ट यूपी बेहाल, 25 मई से नौतपा शुरू
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मेरठ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 मई से नौतपा शुरू होने के साथ गर्मी और बढ़ेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। बुधवार को मौसम ने इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया, जब तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से ही तेज धूप और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक हालात इतने खराब हो गए कि सड़कें और बाजार लगभग सुनसान नजर आए। गुरवार को भी सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगीं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 मई से नौतपा शुरू होने जा रहा है, जिसके बाद गर्मी का असर और अधिक बढ़ सकता है।
सुबह से बरस रही आग, दोपहर में लू का कहर
सुबह सूरज निकलते ही ऐसा महसूस होने लगा मानो आसमान से आग बरस रही हो। दिन चढ़ने के साथ तापमान लगातार बढ़ता गया और दोपहर तक लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकलते दिखाई दिए। वहीं बाजारों और मुख्य मार्गों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही बेहद कम रही।
25 मई से शुरू होगा नौतपा
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि 25 मई से नौतपा शुरू होगा, जिसके चलते गर्मी और अधिक प्रचंड हो सकती है। हालांकि 29 मई के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
हीट स्ट्रोक का बढ़ा खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार दोपहर के समय चल रही लू के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
वायु गुणवत्ता भी खराब
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक 263 दर्ज हुआ। गंगानगर में 190, जयभीम नगर में 256, एमआईईटी क्षेत्र में 354 और पल्लवपुरम में 251 वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया।
पिछले पांच दिनों का तापमान
दिनांक तापमान
16 मई 39.6 डिग्री
17 मई 41.3 डिग्री
18 मई 42.4 डिग्री
19 मई 43.6 डिग्री
20 मई 44.0 डिग्री