Israel-Iran War: गैस किल्लत की खबरों के बीच वेस्ट यूपी में एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, सुबह से लगी लंबी कतारें
सहारनपुर में गैस किल्लत की खबरों के बीच गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग रही है। बुकिंग नंबर न लगने की समस्या के कारण लोगों को एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
विस्तार
इस्रायल व ईरान युद्ध के कारण गैस की किल्लत की खबरों के बीच के उपभोक्ता परेशान है। सहारनपुर में एलपीजी उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। शहर की गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल कराने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे वहां भीड़ का माहौल बन गया है। वहीं मेरठ में गैस बुकिंग को लेकर पासी गैस सर्विस पर भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान लोगों ने हंगामा कर दिया।
सहारनपुर जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति और स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन इसके बावजूद लोग संभावित कमी की आशंका के चलते सिलिंडर भरवाने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: निर्देशक के होटल रूम से लाखों की चोरी का खुलासा, 40 किमी पैदल चला, पांच घंटे रेकी के बाद की वारदात
सुबह आठ बजे से लग रही कतार
गैस एजेंसियों के बाहर सुबह करीब आठ बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। कई उपभोक्ता घंटों इंतजार करने के बाद भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि गैस खत्म होने की आशंका के कारण वे पहले ही सिलिंडर रिफिल कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार गैस एजेंसियों द्वारा दिए गए बुकिंग नंबर पर सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है। इसके चलते उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बुकिंग प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण परेशानी और बढ़ गई है। ऐसे में उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंचकर सिलिंडर रिफिल कराने की कोशिश कर रहे हैं।
मेरठ में गैस बुकिंग को लेकर पासी गैस सर्विस पर उमड़ी भीड़, हुआ हंगामा
मेरठ के बॉम्बे बाजार स्थित पासी गैस सर्विस पर गैस सिलिंडर की बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लंबा इंतजार और अव्यवस्था के चलते मौके पर हंगामा भी हो गया।
बताया जा रहा है कि गैस बुकिंग और सिलिंडर की आपूर्ति में देरी के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने नाराजगी जताई। स्थिति को संभालने के लिए एजेंसी कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को समझाने का प्रयास किया। गैस बुकिंग और सिलिंडर आपूर्ति को लेकर लोगों में काफी चिंता देखी गई।