Saharanpur: यूपी बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की कार पर हमला, फायरिंग में चार घायल, सात के खिलाफ मुकदमा
सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र में यूपी बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की कार पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। फायरिंग और मारपीट में चार लोग घायल हुए। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र में यूपी बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की कार पर बाइक सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कार पर लाठी-डंडों से हमला करने के साथ फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में दो छात्रों सहित चार लोग घायल हो गए।
बाइक सवार युवकों ने किया हमला
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह गांव शब्बीरपुर निवासी प्रताप पुत्र देवेंद्र पुंडीर अपने साथी बादल के साथ कार से अपने छोटे भाई विराट और लक्की को सती स्मारक इंटर कॉलेज लुकादड़ी में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा दिलाने जा रहे थे।
जब वे गांव बहेड़ा के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने छात्रों को जान से मारने की नीयत से हवाई फायरिंग भी की। गोलियों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें: Israel-Iran War: गैस किल्लत की खबरों के बीच वेस्ट यूपी में एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, सुबह से लगी लंबी कतारें
मौके से हथियार और बाइक बरामद
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हमले में प्रताप, बादल और छात्र विराट व लक्की घायल हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक मस्कट, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायलों को उपचार के लिए नानौता सीएचसी में भर्ती कराया गया।
घायल प्रताप की तहरीर पर शक्ति, वासू, देव निवासी शब्बीरपुर थाना बड़गांव, दीपांशु और राजन निवासी मंगनपुर रोनी थाना चरथावल तथा आर्यन निवासी नगला पिथोरा थाना तितावी सहित सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
घायल छात्रों ने दी परीक्षा
सती स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवकुमार सिंह के अनुसार बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट कंप्यूटर विषय की परीक्षा का अंतिम दिन था। रास्ते में हुए विवाद के बाद घायल छात्र परीक्षा केंद्र पहुंचे और उन्होंने परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद पुलिस कस्टडी में उनका मेडिकल कराया गया। वहीं पुलिस क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने ले गई है।