Meerut: हस्तिनापुर में आवारा सांड का कहर, कक्षा आठ के छात्र की इलाज के दौरान मौत
मेरठ के हस्तिनापुर में आवारा सांड के हमले में घायल कक्षा आठ के छात्र शगुन की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
विस्तार
मेरठ जिले के हस्तिनापुर कस्बे में आवारा सांड के हमले में घायल हुए कक्षा आठ के छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिजनों और मोहल्ले के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार कस्बे की मनोहरपुर कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय छात्र शगुन, पुत्र बालेश्वर, ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। शनिवार को वह घर से दूध लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान मनोहरपुर कॉलोनी के पास अचानक एक आवारा सांड ने उस पर हमला कर दिया और जोरदार टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें: UP: मोनालिसा-फरमान की शादी पर साध्वी प्राची का विवादित बयान, कहा-'35 टुकड़ों में मिल सकती है लाश'
टक्कर लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को उपचार के लिए मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। तीन दिन तक चले उपचार के बाद बृहस्पतिवार को छात्र ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने भी गहरा दुख जताया। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने भी छात्र के निधन पर शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
स्थानीय लोगों ने नगर क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि सड़कों पर घूम रहे आवारा सांड और पशु लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।