Meerut: हरपालनाथ की 411 दिन की अनोखी यात्रा, विश्व शांति के लिए घुटनों के बल करेंगे शिवधामों का जलाभिषेक
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के हरपाल नाथ 21 जुलाई से विश्व शांति और जनकल्याण की कामना के साथ 411 दिन की घुटनों के बल धार्मिक यात्रा शुरू करेंगे। यात्रा हरिद्वार से शुरू होकर उज्जैन और नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर तक पहुंचेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के सैफपुर फिरोजपुर गांव निवासी शिवभक्त हरपाल नाथ विश्व शांति, सद्भाव और जनकल्याण की कामना के साथ 21 जुलाई से अपनी तीसरी घुटनों के बल धार्मिक यात्रा शुरू करेंगे। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर वह विभिन्न शिवधामों में जलाभिषेक करेंगे। यह कठिन यात्रा लगभग 411 दिनों में पूरी होने का अनुमान है।
हरिद्वार से होगी यात्रा की शुरुआत
हरपाल नाथ ने बताया कि 21 जुलाई को हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर वह अपनी यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यात्रा का पहला पड़ाव मीरपुर के संभावहेड़ा स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर होगा, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
इसके बाद वह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचेंगे। वहां पूजा-अर्चना के बाद यात्रा नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर तक जाएगी, जहां जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: आशियाने पर संकट, महिलाओं के छलके आंसू-धरना जारी, विधायक अतुल प्रधान से लगाई राहत की गुहार
विश्व शांति का दिया संदेश
हरपाल नाथ का कहना है कि वर्तमान समय में दुनिया के कई हिस्सों में तनाव और संघर्ष का माहौल है। ऐसे समय में उन्होंने विश्व शांति, मानव कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना के साथ यह कठिन तपस्वी यात्रा करने का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि यह यात्रा किसी व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए नहीं, बल्कि समाज में शांति और सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से की जा रही है।
पहले भी पूरी कर चुके हैं दो कठिन यात्राएं
हरपाल नाथ इससे पहले भी दो घुटनों के बल धार्मिक यात्राएं पूरी कर चुके हैं। पहली यात्रा उन्होंने हरिद्वार से फिरोजपुर महादेव तक लगभग 125 किलोमीटर की दूरी 21 दिनों में तय की थी। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर तक की दूसरी यात्रा 381 दिनों में पूरी कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया था।
क्षेत्रवासियों ने दी शुभकामनाएं
तीसरी बार और भी लंबी तथा कठिन यात्रा पर निकल रहे हरपाल नाथ को क्षेत्र के लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उनकी यात्रा के सफल और सुरक्षित समापन की कामना करते हुए इसे आस्था, धैर्य और संकल्प का अनूठा उदाहरण बताया।