Meerut: दौराला थाने के सामने कांवड़ियों की स्कूटी-बाइक में जोरदार भिड़ंत, दो की मौत; दो गंभीर
मेरठ के दौराला थाने के सामने स्कूटी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में चार कांवड़िये घायल हो गए, उपचार के दौरान दो की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ-रुड़की हाईवे पर मंगलवार सुबह दौराला थाने के सामने कांवड़ियों की स्कूटी और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों पर सवार चारों कांवड़िये सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहे थे स्कूटी सवार
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी 34 वर्षीय कांवड़िया अभिनव कपूर अपने साथी साहिल के साथ स्कूटी से हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहे थे। दोनों मंगलवार सुबह दौराला थाने के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
बाइक सवार भी जा रहे थे हरिद्वार
बताया गया कि बाइक पर हरिद्वार के महावतपुर निवासी एक कांवड़िया और लक्ष्य पुत्र अरविंद निवासी तेलीवाला, हरिद्वार सवार थे। दोनों हरिद्वार की ओर जा रहे थे। हादसे में बाइक और स्कूटी सवार चारों कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में दो की मौत, दो की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दो कांवड़ियों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिए हैं। घायलों के माध्यम से मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में चार कांवड़िये घायल हुए थे। उपचार के दौरान दो की मौत हो गई, जबकि दो का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।