Meerut: 'लाठी चला दो, फिर भी नहीं हटेंगे', कलेक्ट्रेट पर अड़े प्रदर्शनकारी, पुलिस से तीखी नोकझोंक, लाठीचार्ज
मेरठ में बीए छात्रा हत्याकांड को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। सड़क खाली नहीं करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। मामले में न्याय की मांग जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र में बीए की छात्रा की हत्या के मामले में बुधवार को न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजनों और दलित समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क खाली कराने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया।
सड़क पर डटे रहे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली कर चौधरी चरण सिंह पार्क में धरना देने का अनुरोध किया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने यह कहते हुए सड़क छोड़ने से इनकार कर दिया कि वे किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा, लाठी चला दो, फिर भी नहीं हटेंगे। इसके बाद मौके पर तनाव बढ़ गया।
पुलिस से तीखी नोकझोंक, फिर लाठीचार्ज
सड़क जाम के कारण यातायात प्रभावित होने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी नहीं माने, जिसके बाद उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और शीघ्र न्याय की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक देहात ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया।
लाठीचार्ज के बाद बढ़ा विवाद, मीडिया को रोकने का आरोप
लाठीचार्ज के दौरान मौके पर मौजूद कुछ पत्रकारों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मीडिया को भी घटनास्थल की कवरेज करने से रोकने की कोशिश की। इस बीच मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
अधिवक्ता से अभद्रता, पुलिस वाहन में हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एक अधिवक्ता के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि इस दौरान अधिवक्ता के साथ अभद्रता भी हुई।
हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया गया है कि पुलिस की गाड़ी में ले जाए गए एक अधिवक्ता ने वाहन के भीतर फंदा लगाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया।
वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़क जाम करने और माहौल खराब करने वालों की वीडियो के आधार पर पहचान की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।