ISIS Connection: सब्जी बेचते हुए पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में आया अनस, आजाद के मोबाइल में मिली वीडियो कॉल्स
ISIS Connection: मेरठ में पाकिस्तानी गैंगस्टरों द्वारा सोशल मीडिया के जरिए खड़ा किए गए जासूसी नेटवर्क का खुलासा, नाबालिगों को शामिल कर देश के संवेदनशील ठिकानों की रेकी की जा रही थी।
विस्तार
मेरठ में सोशल मीडिया के जरिए संचालित एक बड़े जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। इस नेटवर्क को पाकिस्तानी गैंगस्टरों ने खड़ा किया था, जिसमें नाबालिगों को भी शामिल कर देश के संवेदनशील ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के बाद इस साजिश की कई अहम परतें सामने आई हैं।
जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी और सरदार उर्फ सरफराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर दिल्ली एनसीआर और मेरठ में स्लीपर सेल तैयार किए। यूट्यूब और टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से युवाओं को जोड़कर उन्हें जासूसी गतिविधियों में शामिल किया गया।
इन स्लीपर सेल के जरिए मंदिरों, सैन्य ठिकानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की वीडियो और लोकेशन विदेश भेजी जा रही थी। आरोपियों को विस्फोटक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई थी और किसी बड़े हमले की साजिश रची जा रही थी।
अंबाला से खुला पूरा मामला
इस नेटवर्क का खुलासा 13 मार्च को अंबाला में हुआ, जब एसटीएफ ने तीन युवकों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया। इनमें मेरठ के लिसाड़ी गेट निवासी अनस भी शामिल था। पूछताछ में सामने आया कि अनस दो साल पहले चंडीगढ़ में सब्जी बेचते समय पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आया था। इसके बाद वह धीरे-धीरे इस जासूसी गिरोह का हिस्सा बन गया।
यह भी पढ़ें: Eid Ul Fitar: शांतिपूर्वक अदा हुई ईद की नमाज, अमन-चैन की दुआ, भाईचारे का संदेश, काली पट्टी बांधकर जताया दुख
लगातार गिरफ्तारियां, नाबालिग भी शामिल
अनस से पूछताछ के बाद 15 मार्च को कई और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें सुहैल मलिक और साने इरम उर्फ महक शामिल हैं, जो पाकिस्तान में बैठे आकाओं के संपर्क में थे।
17 मार्च को जई गांव के आजाद को एटीएस ने मेरठ के परतापुर टोल के पास से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल से शहजाद भट्टी के साथ वीडियो कॉल के साक्ष्य मिले हैं। 20 मार्च को गाजियाबाद में एसआईटी ने मेरठ के गणेश और गगन कुमार समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस नेटवर्क में पांच नाबालिगों के शामिल होने की बात भी सामने आई है।