सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Student Murder in Meerut Student Father Says Accused Used to Threaten Abduction We Left Village Out of Fear

UP: अपहरण की धमकी देते थे आरोपी, डर से छोड़ दिया था गांव, पिता का चौंकाने वाला दावा; बाइक पर जाती दिखी छात्रा

अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: Sharukh Khan Updated Mon, 18 May 2026 10:05 AM IST
विज्ञापन
सार

मेरठ के रोहटा में अगवा कर छात्रा की हत्या करने का मामला सामने आया है। छात्रा का शव जंगल में मिला है। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी अपहरण की धमकी देते थे, इसी डर से गांव छोड़ दिया था। छात्रा की हत्या की वारदात में देर रात पिता ने पुलिस को तहरीर दी।

Student Murder in Meerut Student Father Says Accused Used to Threaten Abduction We Left Village Out of Fear
Student Murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार

मेरठ के रोहटा थाना इलाके के गांव उकसिया के जंगल में बीए की छात्रा का शव मिलने के मामले में पिता ने रविवार देर रात लगभग साढ़े दस बजे पुलिस को कल्याणपुर निवासी दो सगे भाई अंकुश, अंकित, उनके साथी निशांत व तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। 


उनका कहना है कि आरोपी उनकी बेटी से छेड़छाड़ करते और अपहरण की धमकी देते थे। अब इन पर ही सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप है। आरोपियों के डर से ही उन्होंने गांव छोड़ दिया था। पुलिस का कहना है कि युवती आरोपी अंकुश के साथ बाइक पर सीसीटीवी फुटेज में जाती दिख रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस को दी गई तहरीर में छात्रा के पिता ने कहा है कि उनकी बेटी शुक्रवार सुबह 9:45 बजे बीए फाइनल की परीक्षा देने मेरठ स्थित कॉलेज गई थी। जब शाम करीब 5:30 बजे तक उनकी बेटी घर नहीं पहुंची तो उन्होंने उसके मोबाइल पर कॉल की। 

 

फोन स्विच ऑफ होने के कारण वह उसके कॉलेज पहुंचे। वहां जाकर पता चला कि उनकी बेटी परीक्षा देने नहीं गई थी। इसके बाद उन्होंने टीपीनगर थाने में सूचना दी। पिता का कहना है कि इसके बाद से ही वह छात्रा को तलाश रहे थे। आरोप है कि वह आरोपियों के घर में बेटी के संबंध में पूछताछ करने पहुंचे तो उनके परिजनों ने उन्हें धमकाकर भगा दिया।

उन्होंने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर कहा कि उनके बेटों ने उसकी बेटी का अपहरण किया है जो करना है कर लो। उन्होंने बताया कि उन्होंने बेटी का शव देखा तो उसके कपड़े फटे हुए थे और आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा और एक हाथ जलाया था।

डेढ़ साल पहले छेड़छाड़ के बाद हुआ था समझौता 
पिता का आरोप है कि आरोपी कॉलेज जाते-आते उनकी बेटी को छेड़ते थे। डेढ़ साल पहले भी बेटी ने इसकी जानकारी दी थी। तब गांव के जिम्मेदार लोगों ने समझौता करा दिया था। 

इसी वजह से और बच्चों को पढ़ाने के लिए वह लगभग 11 महीने पहले अपना गांव छोड़कर टीपीनगर थाना क्षेत्र में आकर रहने लगे थे। उनका छात्रा से छोटा बेटा ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है और छोटी बेटी ने 12वीं पास की है।
 

अंकित की बागपत, निशांत की हरिद्वार मिली लोकेशन
पुलिस की जांच में आरोपी अंकुश की लोकेशन मेरठ में मिली थी। अंकित की लोकेशन बागपत में मिली है। वह लोकेशन बदल रहा है। लेकिन वारदात के दिन-रात निशांत की लोकेशन हरिद्वार-ऋषिकेश में मिली है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। तहरीर के आधार पर टीपी नगर थाने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए हंगामा 
छात्रा का शव मिलने के बाद परिजन रोहटा थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस देर रात तक सीमा विवाद में उलझी रही। रोहटा थाना पुलिस ने परिजनों से कहा कि इस मामले में टीपीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज है। इसलिए वहीं प्राथमिकी दर्ज होगी, परिजन रोहटा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने पर अड़े थे।
 

वहीं दो जाति से जुड़ा मामला होने के कारण मृतका के गांव में तनाव है। यहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आजाद समाज पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष मित्तन, बसपा के जिला पंचायत प्रत्याशी रविंद्र कुमार अन्य कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने रोहटा थाने पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर हंगामा किया।

छात्रा ने लिखा परीक्षा देने जाने में लग रहा है डर
छात्रा के पिता का कहना है कि उन्हें बेटी की किताबों से उसका लिखा एक पत्र मिला है। इसमें लिखा है कि आज 11 मई को पेपर देने जा रही हूं लेकिन मुझे बहुत ही अजीब फील हो रहा है। पता नहीं क्यूं डर महसूस हो रहा है। 
 

भगवान से हाथ जोड़कर विनती है कि कुछ गलत न होने देना। मेरा घर बिखर न जाए। मेरा अनुरोध है सबकुछ ठीक रखना। मेरे बिना मम्मी, पापा, भाई-बहन तो रह भी नहीं पाएंगे। मेरे बिना इनका मन नहीं लगता। पता नहीं क्यूं इसको लिखने में भी मेरे आंसू बह रहे हैं। भगवान प्लीज सब ठीक रखना। सेव सेव मी सेव ऑल।

फुटेज में अंकुश के साथ बाइक पर जाती दिखी छात्रा
एसपी सिटी ने बताया कि टीपीनगर थाना पुलिस की जांच में पता चला था कि छात्रा अंकुश के साथ बाइक पर गई थी। उसका रोहटा अड्डे और भूनी टोल के पास का सीसीटीवी फुटेज मिला। इसमें आरोपी अंकुश बाइक लेकर छात्रा के पास रुकता है और छात्रा बाइक पर बैठ जाती है। इसके बाद दोनों वहां से चले गए। भूनी टोल के फुटेज में सुबह 10:28 मिनट के करीब छात्रा अंकुश की बाइक पर बैठकर जाती दिखी है। दूसरे युवक से संबंध के शक में छात्रा की हत्या की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed