West UP Weather Update: 35 दिन बाद खिली चटक धूप, सर्दी से मिली राहत, इस तारीख से फिर बिगड़ सकता है मौसम
West UP Weather Update: कड़ाके की ठंड और कोहरे के बाद 35 दिन में पहली बार चटक धूप निकली। मौसम वैज्ञानिकों ने फिर मौसम बिगड़ने और तापमान गिरने की संभावना जताई है।
विस्तार
मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई दिनों से जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद सोमवार को मौसम ने करवट ली। करीब 35 दिन बाद चटक धूप निकलने से लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली। सुबह से ही आसमान साफ रहा और धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
धूप निकलते ही दिखी रौनक
लंबे समय से ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित था। धूप निकलते ही लोग पार्कों, छतों और सड़कों पर नजर आए। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड अब भी बनी हुई है, लेकिन दिन के तापमान में राहत महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें: आखिरी सलाम: मेजर शुभम सैनी की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भारत माता के जयकारों से गूंजा मेरठ
22 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम के अनुसार 22 जनवरी से मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादल छाने, ठंडी हवाएं चलने और तापमान में गिरावट की संभावना है।
फिर बढ़ सकता है ठंड का असर
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर फिर तेज हो सकता है।
पिछले एक सप्ताह का तापमान
| दिनांक | अधिकतम | न्यूनतम |
| 18 जनवरी | 21.4 | 4.0 |
| 17 जनवरी | 20.5 | 6.4 |
| 16 जनवरी | 13.6 | 6.0 |
| 15 जनवरी | 16.0 | 5.3 |
| 14 जनवरी | 16.0 | 3.1 |
| 13 जनवरी | 19.8 | 2.9 |
| 12 जनवरी | 19.1 | 4.5 |
मेरठ नौवां प्रदूषित शहर
एनसीआर में हवा की सेहत फिर से बिगड़ने लगी है। मेरठ समेत आसपास के जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स लाल श्रेणी में पहुंचकर 354 दर्ज किया गया जबकि दिल्ली में 436 और पड़ोसी जिलों गाजियाबाद में 453, ग्रेटर नोएडा 402, हापुड़ 300, नोएडा 429, मुजफ्फरनगर 327 एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया। देश के 235 शहरों की सूची भी मेरठ नौवां सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। गंगानगर में 286, जयभीम नगर में 369 एक्यूआई रहा।
प्रमुख स्थानों पर यह रहा प्रदूषण का हाल
दिल्ली रोड 381
बेगमपुल 373
तेजगढ़ी चौराहा 310
गंगानगर 286
जयभीम नगर 369
पल्लवपुरम 406
घंटाघर चौराहा 385
हापुड़ अड्डा 360
कमिश्नरी चौराहा 350
मेडिकल कॉलेज 311
