फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Youth kills mother in Bijnor Asked how to get compensation murdered mother in evening

UP: दिन में पूछा मुआवजा कैसे मिलेगा? शाम को कर दी मां की हत्या; बेटे ने किया कत्ल, जानवर पर लगा दिया इल्जाम

Thu, 23 Jul 2026 10:56 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, बिजनौर
अमर उजाला नेटवर्क, बिजनौर Published by: Sharukh Khan Updated Thu, 23 Jul 2026 10:56 AM IST
सार

बिजनौर में बीरो देवी की मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बीरो देवी की मौत गुलदार के हमले से नहीं हुई थी बल्कि उसकी बेटे ने हत्या की थी। पुलिस जांच में पूरा मामला साफ हो गया। 

विज्ञापन
Youth kills mother in Bijnor Asked how to get compensation murdered mother in evening
bijnor murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

यूपी के बिजनौर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हीमपुर दीपा थाना इलाके के गांव अजुपुरा जट में सोमवार की शाम बीरो देवी (65) की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। 
विज्ञापन


महिला की मौत गुलदार के हमले में नहीं हुई थी बल्कि पांच लाख रुपये मुआवजे के लालच में बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया ने ही गला दबाकर उसकी हत्या की थी। 

पुलिस ने बुधवार को हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। खास बात यह भी है कि आरोपी ने उस दिन दोपहर में ही डीएफओ ऑफिस जाकर गुलदार के हमले में मुआवजा मांगा था। जब पता चला कि मौत पर पांच लाख का मुआवजा मिलने का प्रावधान है तो शाम को उसने मां की हत्या कर दी और गुलदार के हमले का शोर मचा दिया। यह बात पुलिस जांच में सामने आई है।
विज्ञापन

बीरो देवी सोमवार की शाम छोटे बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया के साथ चारा लेने गई थी। बहाल सिंह ने गुलदार के हमले में अपनी मां के मरने की सूचना डायल -112 पुलिस और ग्रामीणों को दे दी थी। उसने पुलिस और गांव वालों को मां को बचाने के लिए गुलदार से लड़ने की झूठी कहानी भी सुना दी। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव नहीं उठाने दिया था। 

करीब दो घंटे बाद तहसीलदार एवं वन विभाग चांदपुर के रेंजर दुष्यंत मावी ने मृतका के आश्रितों को पांच लाख रुपये की मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता लगा कि वृद्धा की मौत गुलदार के हमले में नहीं बल्कि गला दबाने से हुई थी।

 
विज्ञापन

पुलिस ने बीराे देवी के बेटे बहाल सिंह को मंगलवार की देर शाम हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि उसने पुलिस और ग्रामीणों के समक्ष घटना में स्वयं शामिल होना स्वीकार किया। बहाल सिंह ने बताया कि काफी समय से उसकी मां से किसी न किसी बात को लेकर अनबन रहती थी। सोमवार को भी जंगल में किसी बात पर मां ने उसे गाली दे दी।

आवेश में आकर उसने अपने गन्ने के खेत में कुछ दूर अंदर ले जाकर मां का गला दबाकर हत्या कर दी। राज छिपाने तथा मुआवजे के पांच लाख रुपये के चक्कर में मां की मौत गुलदार के हमले से होना बताया। सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को बीराे देवी के बड़े बेटे रूपचंद की ओर से दी गई तहरीर पर कार्रवाई करते हुए छोटे बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया का चालान कर दिया।

घटना के खुलासे से ग्रामीण हतप्रभ
बीरो देवी की हत्या के खुलासे से ग्रामीण हैरत में हैं। साथ ही तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि बेटे ने ही मां को मौत की नींद सुला दिया। उसने खून के रिश्तों का ही कत्ल नहीं बल्कि मां और बेटे के विश्वास और पवित्र रिश्ते को भी कलंकित किया है।

 

पत्नी बोली, सब कुछ ठीक था
बहाल सिंह उर्फ मनिया की पत्नी डोली को अपने पति द्वारा इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने पर विश्वास नहीं है। थाने में उसने रो-रोकर बताया कि उनकी गृहस्थी ठीक चल रही थी। इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई, उसे विश्वास नहीं हो रहा है। अब वह अपने दो छोटे बच्चों का पालन कैसे करेगी?
 

पहले खुद के लिए मांगा था मुआवजा
सोमवार दोपहर बहाल सिंह बिजनौर डीएफओ ऑफिस आया था। खुद पर खरोंच के निशान दिखाकर गुलदार का हमला होने की बात बताई और मुआवजा मांगा। डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि उसे बताया गया था खरोंच में मुआवजा नहीं मिलता। यदि घायल हुए हैं तो चिकित्सक से मेडिकल बनवाना होगा। उसने मुआवजे के नियम भी पूछे थे। इसके बाद वह चला गया था। शाम को उसकी मां की मौत गुलदार के हमले में होने की सूचना आई थी।

इंसान ने निगली जिंदगी, इल्जाम जानवर पर लगाया
बिजनौर जिले में गुलदार के खौफ के बीच इंसान की खतरनाक फितरत भी सामने आने लगी है। लालच और विवाद में लोग हत्या इल्जाम गुलदार पर लगा रहे हैं। हाल ही में अजुपुरा जट में भी ऐसा ही हुआ। बेटे ने मां की हत्या का ठींकरा गुलदार के सिर पर मढ़ने की कोशिश की लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब कुछ साफ हो गया। 

 

बीते एक वर्ष में हत्या के ऐसे दो मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही महिलाओं के लापता होने पर उन्हें गुलदार के द्वारा उठा ले जाने का भी शोर मचाया गया। बाद में कहानी कुछ और ही निकलकर सामने आई।

15 नवंबर 2025 को नांगल सोती क्षेत्र के ग्राम तिसोतरा निवासी सौरभ तोमर की मौत के लिए भी गुलदार के हमले को जिम्मेदार ठहराया गया था। बाद में पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी हत्या पिता सुभाष तोमर ने की थी। गले पर धारदार हथियार के निशान को गुलदार के हमले का निशान बताते हुए पिता ने अपना अपराध छिपाने की कोशिश की थी। 

बीते सोमवार को अजुपुरा जट में बहाल सिंह उर्फ मनिया पर मां बीरो देवी की हत्या का आरोप है। पुलिस ने पांच लाख रुपये के लालच में की हत्या करने की बात बताई है जबकि आरोपी ने वृद्धा की मौत गुलदार के हमले में होना बताया था।

 

11 नवंबर 2025 को किरतपुर के एक गांव में एक महिला कूड़ा डालने के लिए सुबह छह बजे घर से निकली थी। घर नहीं पहुंचने पर गांव में गुलदार के उठा ले जाने का शोर मच गया। पूरा प्रशासनिक अमला दौड़ा। महिला भी अपना सामान इस तरह से फेंक कर निकली थी, जिससे गुलदार के उठाकर ले जाने की पुष्टि हो सके। 

हालांकि पुलिस ने महिला को देहरादून से ढूंढ निकाला था। 23 अक्तूबर 2025 को नहटौर के गांव नन्हेड़ा की रहने वाली एक युवती के खेत से लापता होने के बाद परिवार वालों ने शोर मचाया कि गुलदार उठाकर ले गया। सुबह से लेकर शाम तक पुलिस और वन विभाग युवती को ढूंढता रहा। बाद में पुलिस ने इस युवती को भी देहरादून से ढूंढ निकाला था।

जिले में ऐसी कई घटनाएं सामने आ रहीं हैं, जिनमें हत्या को गुलदार का हमला बताया गया। मामलों की जांच में सही स्थिति का खुलासा हो गया। ऐसे संदिग्ध मामलों को और बारीकी से देखा जाएगा ताकि सही स्थिति का पता चल सके। - जय सिंह कुशवाह, डीएफओ
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed