मिर्जापुर। महुवरिया स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बृहस्पतिवार को भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय पर जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गुरु नानक इंटर कॉलेज के अभिनव शुक्ला प्रथम, श्री गांधी इंटर कॉलेज कछवां की दीक्षा सिंह द्वितीय और स्व. कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रीति चौधरी तृतीय स्थान पर रहीं।
संगोष्ठी का शुभारंभ प्रधानाचार्य महेन्द्र नाथ व उप प्रधानाचार्य जय सिंह ने किया। प्रतियोगिता में जिले के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल के निर्णय से विजेताओं का चयन किया गया। जिला विज्ञान क्लब के प्रभारी सुशील पांडेय, कार्यक्रम प्रभारी बृजेश कुमार यादव व ज्योति गोयल ने प्रतिभागियों के मॉडल व व्याख्यान का मूल्यांकन किया। प्रथम व द्वितीय स्थान पर चयनित प्रतिभागी 20 अगस्त 2026 को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित मंडल स्तरीय संगोष्ठी में प्रतिभाग करेंगे। संचालन शिक्षक रमाशंकर ने किया। इस दौरान विजिता सिंह, चंदा प्रजापति, विपिन कुमार यादव आदि मौजूद रहे।