मिर्जापुर। कछवां पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी संतोष उपाध्याय को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से एनडीपीएस एक्ट के प्राथमिकी में वांछित था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि कछवां थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में संतोष उपाध्याय उर्फ महाकाल गुरु उर्फ डॉक्टर निवासी मधुपट्टी, थाना सुरियावां, जनपद भदोही पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सोमवार को उपनिरीक्षक राधेश्याम और उनकी टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि संतोष उपाध्याय का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ भदोही के सुरियावां थाने में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।