मिर्जापुर। जिले में लगातार चौथे दिन गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को गंगा के साथ ही इसकी सहायक नदियों में भी उफान देखने को मिला। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 67.560 मीटर था, जो शाम छह बजे तक बढ़कर 67.750 मीटर पर पहुंच गया। यानी 10 घंटे में जलस्तर 19 सेंटीमीटर बढ़ा। इस दौरान पानी बढ़ने की रफ्तार करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटा रही।
गंगा के बढ़ते जलस्तर से सदर तहसील के छानबे, कोन, मझवां, सीखड़, सिटी, पहाड़ी और नारायणपुर विकास खंड के तटवर्ती गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु 76.724 मीटर और खतरे के निशान 77.724 मीटर से काफी नीचे है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उधर, जिला प्रशासन ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), लखनऊ ने जिले के लिए अगले तीन दिनों का वर्षा पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार 6 अगस्त की सुबह 8:30 बजे से 7 अगस्त की सुबह 8:30 बजे तक भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 7 अगस्त से 8 अगस्त तथा 8 अगस्त से 9 अगस्त की सुबह 8:30 बजे तक भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।