मिर्जापुर। सावन माह के दूसरे सप्ताह में जिले के बाजारों में रौनक लौट आई है। मंगला गौरी व्रत और सावन के दूसरे सोमवार के लिए महिलाओं द्वारा खरीदारी किए जाने से चूड़ियों का कारोबार तेज हो गया है। बृहस्पतिवार को वासलीगंज, त्रिमुहानी, धुंधीकटरा समेत प्रमुख बाजारों में चूड़ियों की दुकानों पर सुबह से शाम तक खरीदारों की भीड़ लगी रही।
सुहागिन महिलाएं गौरी पूजन और सावन पर्व के लिए हरी चूड़ियों की खरीदारी को प्राथमिकता दे रही हैं। बाजार में फिरोजाबादी कांच की चूड़ियों की सबसे अधिक मांग है, जबकि युवतियों और नवविवाहिताओं में अमेरिकन डायमंड जड़ी चूड़ियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। चूड़ियों के साथ मेल खाते लाख के कंगन भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। दुकानदार दीपक अग्रहरि ने बताया कि सावन और त्योहारों को देखते हुए शृंगार सामग्री का पर्याप्त स्टॉक पहले ही मंगा लिया गया था। इससे ग्राहकों को विभिन्न डिजाइन और रेंज की शृंगार सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, दुकानदार शालिनी गुप्ता ने बताया कि सावन शुरू होते ही महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ी है। सबसे अधिक मांग हरी चूड़ियों की है, जो अलग-अलग डिजाइन और कीमत में उपलब्ध हैं। कारोबारियों का कहना है कि सावन के चलते बाजार को नई रफ्तार मिली है और आने वाले दिनों में बिक्री में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।