मुरादाबाद में माननीयों के महाकब्जे: पार्कों में पार्किंग, नाले पाट रखे जेनरेटर, ग्रीन बेल्ट पर बनाया गार्ड रूम
मुरादाबाद में जनप्रतिनिधियों और नेताओं के घरों के आसपास ग्रीन बेल्ट, पार्क, फुटपाथ और नालों पर कब्जों का मामला सामने आया है। कई जगह पार्कों को पार्किंग, फुटपाथों पर बैरिकेडिंग कर निजी फुलवारी सजाई गई है। ग्रीन बेल्ट और नालों का इस्तेमाल गार्ड रूम व जेनरेटर लगाने के लिए किया जा रहा है। पड़ताल में सात वर्तमान और पूर्व माननीयों के आवासों के आसपास ऐसे कब्जे मिले, जिनमें सपा विधायक नासिर कुरैशी, पिंकी यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल और पूर्व सांसद शीशराम रवि समेत अन्य नाम शामिल हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धमक बनाने के लिए कारों के शीशों पर वीआईपी पदनामों की चमक, रंग-बिरंगी नंबर व नेम प्लेटों से रंग जमाने की कोशिशें। घर के नजदीक सड़कों पर नाम-पदनाम दर्शाते तीर लगे बोर्डों की तीरंदाजी...माननीय यहीं तक सीमित नहीं है, गौर करें तो स्मार्ट सिटी के स्मार्ट नेताओं का प्रभाव पार्कों, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और नालों पर पटाव कर उनके निजी इस्तेमाल के रूप में खूब देखने को मिल रहा है।
महानगर में जनप्रतिनिधियों और सियासी दलों के पदाधिकारियों का आवास जहां होगा, वहां उनका घर करीब होने का एहसास महाकब्जों की साजो-सज्जा करा देती है। तमाम जगह कारें खड़ी करके पार्कों को पार्किंग बना दिया है। कहीं फुटपाथ पर अपनी फुलवारी सजाकर बाकायदा बैरिकेडिंग कर दी गई है। ग्रीन बेल्ट कहीं गार्ड रूम के रूप में इस्तेमाल हो रही हैं तो कहीं जेनरेटर के लिए।
इसके अलावा कांठ रोड स्थित हिमगिरी कॉलोनी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति एससी मोर्चा के पूर्व सदस्य अमर सिंह सागर के घर के बाहर नाले पर सेट लोहे की जाली और जाल में रखा जेनरेटर मौजूद है। यहां पर उनके नाम की फ्लैक्सी भी देखी जा सकती है।
महापाैर विनोद अग्रवाल
नया मुरादाबाद में महापाैर विनोद अग्रवाल के आवास के सामने सड़क के बीच में डिवाइडर है। इस चौड़े डिवाइडर के बीच पेड़-पाैधे लगाकर ग्रीन बेल्ट जैसी शक्ल कॉलोनी बसाते समय की गई थी। अब इस स्थान पर कुत्तों के रहने के लिए शेड डाल दिया गया है। लोहे के एंगिल भी लगे हैं। पूर्व में इसी जगह मेयर साहब की सुरक्षा टीम की गुमटी सजा दी गई थी, जो सवाल उठने पर हटा दी गई।
सपा विधायक नासिर कुरैशी
देहात विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक नासिर कुरैशी का असालतपुरा में आवास है। उनके घर के पीछे सड़क पर जेनरेटर रखा मिला। यहां जेनरेटर के चारों ओर लोहे की जाली-ग्रिल लगाई गई है।
पूर्व सांसद शीशराम रवि
नगीना के पूर्व सांसद शीशराम रवि का आवास बुद्धि विहार में है। घर के सामने पार्क के कोने में सरकारी नलकूप स्थापित है। इसके एक हिस्से में पार्किंग बना दी गई। कार खड़ी की जाती है। कभी-कभी यहां बैठकें भी होती हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शैफाली सिंह
जिपं अध्यक्ष डाॅ. शैफाली सिंह का आवास एवं नर्सिंग होम दिल्ली रोड स्थित धर्मकांटे के पास है। इनके घर के सामने नाले पर लंबा-चौड़ा शेड है। इसके लिए नाले पर पक्का पटाव किया है।
सपा विधायक पिंकी यादव
पिंकी यादव संभल जिले की असमोली विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक हैं। पाॅश काॅलोनियों में शुमार मानसरोवर काॅलोनी में उनका आवास है। यहां उनके आवास के बाहर सड़क पर जेनरेटर रखा है। गमले भी हैं।
बिलारी ब्लाॅक प्रमुख रूपा देवी
रूपा देवी बिलारी की ब्लाॅक प्रमुख हैं। उनके पति राजपाल सिंह भाजपा नेता हैं। इनका आवास बुद्धि विहार में है। आवास के आगे आम सड़क तक उनका असर फैला हुआ है। स्टील की रेलिंग लगाकर गार्डन बना दिया गया है।
पूर्व विधायक साैलत अली
पूर्व विधायक साैलत अली जिगर काॅलोनी में रहते हैं। इनके घर के सामने भी सियासी असर देखने को मिला। लोहे की जाली लगाकर निजी गार्डन बना दिया है। इसके बगल में लोहे की जाली में जेनरेटर रखा है।
विधायक नासिर कुरैशी ने बताया कि जेनरेटर का इस्तेमाल कम होता है। हटा दिया जाएगा। विधायक पिंकी यादव ने बताया कि अभी परिवार के सभी लोग बाहर हैं। जेनरेटर हटा दिया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शैफाली सिंह ने बताया कि त्रिपाल लगा है उसे हटा दिया जाएगा। बिलारी ब्लाॅक प्रमुख के पति राजपाल सिंह ने बताया कि पेड़ पाैधों को सुरक्षित रखने के लिए रेलिंग लगा दी है।