Kanwar Photo 2026: मुरादाबाद के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवड़ियों पर जटायू ड्रोन से पुष्पवर्षा
सावन के दूसरे सोमवार को मुरादाबाद में शिवभक्तों और कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रमुख शिवालयों में सुबह से जलाभिषेक हुआ और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। डीएम और एसएसपी ने कांवड़ियों पर जटायू ड्रोन से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद में सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के चार बजे से ही मंदिरों में जलाभिषेक शुरू हो गया। कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, फूल और प्रसाद अर्पित किया।
कांवड़ियों के जत्थों से हाईवे से लेकर शहर तक बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। शहर के ऋणमुक्तेश्वर, चौरासी घंटा, सिद्धपीठ झारखंडी मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों की ओर से स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक कराया गया। कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
कांवड़ियों पर जटायू ड्रोन से बरसाए फूल
कांठ रोड पर कोठीवाल डेंटल कॉलेज के पास डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल ने कांवड़ियों का स्वागत किया। जटायू ड्रोन के माध्यम से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। अधिकारियों ने कांवड़ियों को भंडारे का भोजन और फल भी वितरित किए।
इसके बाद उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और धैर्य के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने दिल्ली रोड के जीरो प्वाइंट, मूंढापांडे जीरो प्वाइंट, कटघर, मझोला और पाकबड़ा में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने पाकबड़ा में अमरोहा बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था जांची।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मासिक शिवरात्रि पर चौरासी घंटा मंदिर में विशेष आयोजन
चौरासी घंटा मंदिर में मंगलवार को मासिक शिवरात्रि के अवसर पर विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के पुजारी पंडित राजेश शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुबह 3:30 बजे कपाट खोल दिए जाएंगे और चार बजे से जलाभिषेक शुरू होगा।
सावन के सोमवार के बाद मासिक शिवरात्रि पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्वक और कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक करने की अपील की है।