UP: मुरादाबाद में भाई ने बहन को चाकू से गोदकर मार डाला, होली पर घर आया था आरोपी, मां पर भी किया हमला
मुरादाबाद में भाई ने कहासुनी के बाद बहन की हत्या कर दी। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद आरोपी भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।
विस्तार
मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार सेक्टर- 2 में गणेश पार्क के पास शुक्रवार की दोपहर बीटेक यूट्यूबर हार्दिक (25) ने बहन आईटी कंपनी की असिस्टेंट मैनेजर हिमशिखा (25) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद निजी बीमा कंपनी में शाखा असिस्टेंट मैनेजर मां नीलिमा को ऑफिस से घर बुलाकर चाकू से हमला कर दिया।
महिला की चीख पुकार सुनकर लोग मौके पर दौड़े तो आरोपी अपनी कार से भाग गया। पुलिस ने नीलिमा को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद आरोपी हार्दिक की तलाश शुरू कर दी है। बहन की हत्या और मां पर जानलेवा हमले के पीछे पुणे की दूसरे धर्म की लड़की से शादी के लिए मां-बेटी तैयार नहीं होने का कारण बताया जा रहा है।
उनके जुड़वा बेटे और बेटी हरियाणा के गुरुग्राम में रह रहे थे। बेटी हिमशिखा बीबीए करने के बाद आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थी और एमबीए कर रही थी जबकि बेटा हार्दिक पहले गूगल में नौकरी करता था लेकिन एक साल से वह नौकरी छोड़ने के बाद यूट्यूबर हो गया था।
नीलिमा ने पुलिस को बताया कि होली से एक दिन पहले ही भाई बहन घर आए थे। हार्दिक पुणे की किसी मुस्लिम लड़की से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। नीलिमा और उसकी बेटी हार्दिक की इस शादी के लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर हार्दिक मां बहन से नाराज था।
शुक्रवार को बहन भाई को हरियाणा वापस जाना था लेकिन मां के ऑफिस से वापस लौटने से पहले ही हार्दिक ने चाकू से गोदकर अपनी बहन हिमशिखा की हत्या कर दी। उसकी गर्दन, चेहरे और शरीर पर चाकू से हमले किए और कंबल में उसका शव बांध दिया। इसके गेट बाहर से बंद कर दिया और अपनी मां को लेने ऑफिस पहुंच गया।
उसने मां से कहना कि उन्हें हरियाणा अभी जाना है। इसलिए घर चलो। वह अपनी मां को ऑफिस से घर ले आया। बेटी की हत्या से अनजान मां ने जैसे ही घर में कदम रखा तो हार्दिक ने गेट बंद कर लिया। आँगन में कंबल में लिपटे बेटी के शव को देखकर नीलिमा ने चीख पुकार मचा दी।
इसी दौरान हार्दिक ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया। शोर शराबा होने पर आस-पड़ोस के लोग आए तो आरोपी घर के बाहर खड़ी टाटा पंच कार में बैठकर भाग गया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मां बेटी को जिला जिला अस्पताल भिजवा दिया।
हालांकि बेटी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जिला अस्पताल में भी हिमशिखा को मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
