Muzaffarnagar: चोरी में दर्ज हुई रिपोर्ट, जांच में निकली लूट की वारदात, कैंटर व माल सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर के मीरापुर में चोरी की दर्ज रिपोर्ट की जांच में मामला लूट का निकला। पुलिस ने 410 पुट्टी कट्टों से लदे कैंटर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार भी बरामद किए।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र में चोरी की दर्ज की गई घटना की जांच में मामला लूट का निकला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 410 पेंट पुट्टी के कट्टों से लदे कैंटर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 26 मार्च को सहारनपुर जनपद निवासी नसीम ने मीरापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मीरापुर-खतौली मार्ग पर एक रजबहे के पास अज्ञात चोर उसकी पुट्टी से लदी कैंटर गाड़ी चोरी कर ले गए।
यह भी पढ़ें: Muzaffarmagar: केमिकल फैक्टरी से गैस रिसाव, कॉलोनी में फैली दुर्गंध से मचा हड़कंप, बिना अनुमति चल रही थी यूनिट
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने भूम्मा चौकी के पास चेकिंग के दौरान कैंटर को 410 पुट्टी के कट्टों सहित बरामद कर लिया और तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मरगूब और जुबेर निवासी गांव ललियाना, थाना किठौर जिला मेरठ तथा रागिब निवासी थाना सिंभावली जिला हापुड़ बताए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और एक छुरी भी बरामद हुई है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया कि यह मामला चोरी नहीं बल्कि लूट का था, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।