UP: बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटना पड़ा भारी, जेई से मारपीट के बाद प्रधान पति हिरासत में, थाने पर धरना
मुजफ्फरनगर के पुरबालियान गांव में बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटने को लेकर जेई से मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने प्रधान पति को हिरासत में लिया, ग्रामीणों ने थाने पर धरना शुरू किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद में मंसूरपुर थाना क्षेत्र के पुरबालियान गांव में बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटने को लेकर विद्युत विभाग के अवर अभियंता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अवर अभियंता ने आरोप लगाया है कि विभागीय टीम बकायेदार का बिजली कनेक्शन काटने पहुंची थी। इसी दौरान विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में प्रधान पति को हिरासत में लिया है। इसके विरोध में ग्रामीणों और किसानों ने थाने पर धरना शुरू कर दिया है।
एक लाख 60 हजार से अधिक का था बिजली बिल बकाया
बताया गया कि पुरा बिजलीघर से पोषित पुरबालियान गांव में एक उपभोक्ता पर एक लाख 60 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया था। बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग की टीम गांव पहुंची थी। टीम ने जांच के दौरान बकायेदार का बिजली कनेक्शन काट दिया। अवर अभियंता पुरा मोहर सिंह का आरोप है कि इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की गई।
यह भी पढ़ें: Meerut: कर्ज उतारने के लिए खर्च किया कोचिंग सेंटर का रुपया, हिसाब मांगा तो पार्टनर को दी खौफनाक मौत
प्रधान पति को हिरासत में लेने पर ग्रामीणों का धरना
घटना के बाद पुलिस ने प्रधान पति को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुरबालियान गांव के ग्रामीण किसानों के साथ थाने पहुंचे और प्रधान पति को छोड़ने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी कनेक्शन काटने के लिए गांव में पहुंचते हैं और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इसी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
पुलिस बोली- अभी किसी पक्ष ने नहीं दी तहरीर
सीओ खतौली रूपाली राय ने बताया कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।