Shamli: 50 लाख और थार की मांग, दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, मासूम बच्चे सहित घर से निकाला, पांच पर मुकदमा
शामली में विवाहिता ने ससुराल वालों पर 50 लाख रुपये और थार गाड़ी की दहेज मांग का आरोप लगाया। मांग पूरी न होने पर मारपीट कर बच्चे सहित घर से निकालने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
विस्तार
शामली के शहर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है, जहां विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर 50 लाख रुपये और थार गाड़ी की मांग करने का आरोप लगाया है। मांग पूरी न होने पर महिला के साथ मारपीट कर उसे बच्चे सहित घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 31 जनवरी 2024 को सहारनपुर जिले के थाना रामपुर मनिहारन क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने के ताने देकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
यह भी पढ़ें: Meerut: अंतिम संस्कार में आए थे, नहाने गए तो गंगा में समाए चार दोस्त, मचा कोहराम, घाट पर इंतजार में परिजन
महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग महंगी कार की मांग करने लगे और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका देवर शराब के नशे में उसे अकेला पाकर छेड़छाड़ करता था।
पीड़िता के अनुसार, ससुराल वालों ने साफ कह दिया कि यदि उसे घर में रहना है तो मायके से 50 लाख रुपये और थार गाड़ी लाकर देनी होगी। जब उसने यह मांग पूरी करने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट कर उसे बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया गया। तब से वह अपने मायके में पिता के घर रह रही है।
महिला ने अपने पति पर अन्य लड़कियों से अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। मामले में एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने पति, देवर, देवरानी, ननंद और एक अन्य व्यक्ति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।