LPG Crisis: पीलीभीत में सिलिंडर लेकर एजेंसी की दौड़ लगा रहे उपभोक्ता, ओटीपी में अटकी रसोई गैस
पीलीभीत जिले में रसोई गैस सिलिंडरों की ऑनलाइन बुकिंग में आ रही बाधा और ओटीपी का न आना उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा रहा है। कई घंटे इंतजार के बाद भी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
विस्तार
पीलीभीत जिले में भले ही रसोई गैस की किल्लत न होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन उपभोक्ताओं को सिलिंडर के लिए गैस एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा। ऑनलाइन बुकिंग में आ रही दिक्कत और ओटीपी न आने से उपभोक्ताओं को भटकना पड़ रहा है। यह हाल शहर, जहानाबाद, बीसलपुर, पूरनपुर आदि सभी कस्बों में है।
बृहस्पतिवार को जहानाबाद की एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी। काफी देर इंतजार के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग का ओटीपी ही नहीं आ रहा है। इस वजह से सिलिंडर नहीं मिल रहा। गौरतलब है कि जिले में घरेलू गैस के चार लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। वहीं कमर्शियल के उपभोक्ताओं की संख्या 600 से अधिक हैं।
अफसर कह रहे जल्द ठीक होगा नेटवर्क
बीसलपुर में सिलिंडरों की कालाबाजारी करने वाले कुछ लोगों ने गैस की किल्लत का अनुचित लाभ उठाते हुए गैस के सिलिंडर ब्लैक में बेचे हैं। इस बाबत क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि नेटवर्क की खराबी ऊपर से ही है। उम्मीद है कि बहुत जल्द नेटवर्क सही हो जाएगा। इसके बाद रसोई गैस की बुकिंग होने लगेगी और उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर मिलने लगेंगे।
जिले में इतनी एजेंसी और इतने हैं उपभोक्ता
- 39 गैस एजेंसी है जिले में
- 06 से अधिक गैस एजेंसी शहर में संचालित हैं।
- 4.68 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं।
- 678 कामर्शियल गैस उपभोक्ता हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की किसी तरह की किल्लत नहीं है। वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उपभोक्ताओं को ओटीपी के जरिये ही गैस वितरित की जा रही है। बुकिंग में समस्या का पता नहीं चला। 25 दिन बाद दूसरे सिलिंडर की बुकिंग हो रही है। घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों और संभावित अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को पुलिस लाइन में एएसपी विक्रम दहिया ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की। अफसरों ने कहा कि गैस सिलिंडर की किल्लत संबंधी अफवाहें फैल रही हैं। इसे लेकर शासन स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
एएसपी ने संचालकों से कहा कि वे प्रतिदिन गैस सिलिंडरों की रिफिल और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी रखें। उपभोक्ताओं को नियमानुसार केवल ओटीपी के माध्यम से ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही एजेंसी से जुड़े सभी हॉकरों को सख्त निर्देश दिए जाएं कि वे कालाबाजारी, घटतौली या अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल न हों। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।