पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
फ्री ई-पेपर
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Rampur News ›   CM Yogi arrives in Rampur; inaugurates and lays foundation stone 102 projects worth ₹690 crore

UP: 'रामपुर से अन्याय राज खत्म हुआ, रामभक्तों पर गोली चलाने वाले आस्था की बात कर रहे'; सीएम का अखिलेश पर हमला

Tue, 30 Jun 2026 11:52 AM IST
Vimal Sharma संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर Published by: Vimal Sharma Updated Tue, 30 Jun 2026 11:52 AM IST
सार

रामपुर में 690 करोड़ रुपये की 102 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही अर्थव्यवस्था को गति देता है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास कुछ परिवारों तक सीमित था, जबकि भाजपा सरकार बिना भेदभाव सभी तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

विज्ञापन
CM Yogi arrives in Rampur; inaugurates and lays foundation stone 102 projects worth ₹690 crore
रामपुर में जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुरादाबाद से रामपुर पहुंचे। शाहबाद में आयोजित जनसभा में उन्होंने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं मुख्य रूप से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

विज्ञापन


जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रामपुर की सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक पहचान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब भी वह रामपुर आते हैं तो यहां का मौसम शिमला जैसा सुहाना हो जाता है। उन्होंने कहा कि रामपुर की यह धरती भगवान महाकालेश्वर महादेव, ओम नागेश्वर महादेव, कोसी मंदिर और मां बाला सुंदरी जैसे आस्था केंद्रों से समृद्ध है। यह जनपद भारत की सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊंचाइयां देने वाली भूमि है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ पैचवर्क, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन के लिए भी देशभर में पहचान रखता है। यहां के किसान और उद्यमी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नए-नए नवाचार किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि जब वह रामपुर आते हैं तो विकास की योजनाएं भी साथ लेकर आते हैं। इसी क्रम में आज करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

सपा शासन में गरीबों और दलितों की जमीनें छीनी गईं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले का रामपुर और आज का रामपुर, दोनों की तस्वीर जनता के सामने है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब यहां गरीबों की जमीनों पर कब्जे किए जाते थे। वाल्मीकि समाज के लोगों को उनकी जमीनों से जबरन वंचित कर दिया जाता था।

जब सत्ता निरंकुश हो जाती है तो वह अन्याय का पर्याय बन जाती है। समाजवादी पार्टी के शासन में दलितों और गरीबों की आवाज को दबाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि जब सत्ता जनता के हितों के खिलाफ काम करती है तो जनता उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देती है।

उन्होंने कहा कि रामपुर से जो संदेश निकला, वह पूरे उत्तर प्रदेश में पहुंचा और समाजवादी पार्टी की निरंकुशता पर जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अंकुश लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उसी का परिणाम है कि रामपुर को नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि रामपुर अब विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के साथ नया रामपुर भी अपनी समृद्ध विरासत और विकास की नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का लाभ अब रामपुर के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है और जनपद में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे वसूली के लिए निकल पड़ते थे: योगी
रामपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में पहचान बना चुका है।

प्रदेश सबसे अधिक रोजगार देने, किसानों को सबसे अधिक अनुदान देने, युवाओं के लिए रोजगार सृजित करने, खाद्यान्न, दुग्ध, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश लगभग हर पैमाने पर सबसे निचले पायदान पर होता था, जबकि आज अधिकांश क्षेत्रों में पहले या दूसरे स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी और किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नहीं थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी कोई सरकारी भर्ती निकलती थी तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी।

एक सैफई परिवार और दूसरा रामपुर का एक परिवार का विकास हुआ
योगी ने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया में धांधली होती थी और न्यायालय को उस पर रोक लगानी पड़ती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकारों की निरंकुश नीतियों के कारण प्रदेश के पारंपरिक उद्योग बंद हो रहे थे। किसानों के लिए कोई प्रभावी योजना नहीं थी, गरीबों के कल्याण की योजनाएं नहीं थीं और सड़क, पुल-पुलिया जैसे विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन नहीं होता था।

मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, "उस समय विकास केवल दो परिवारों का होता था-एक सैफई परिवार और दूसरा रामपुर का एक परिवार। बाकी प्रदेश और रामपुर की जनता विकास से वंचित रहती थी। योगी ने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, निवेश बढ़ा है, रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं और विकास का लाभ बिना भेदभाव हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है।

विरासत का अपमान होता था, अब बिना रोक-टोक निकलती है कांवड़ यात्रा: योगी
रामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की विरासत का अपमान किया जाता था और समाजवादी पार्टी ने बहन-बेटियों की सुरक्षा के साथ भी समझौता किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने विरासत का अपमान करने और बहन-बेटियों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

उस समय कांवड़ यात्रा तक को निकलने नहीं देने की बातें होती थीं। किसी भी बड़े पर्व या त्योहार से पहले उपद्रव, दंगे और फसाद उत्तर प्रदेश की पहचान बन जाते थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले होली, दीपावली, जन्माष्टमी और अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर भी बाधाएं उत्पन्न होती थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन पर भी रोक लगाई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद इन सभी बाधाओं को समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि आज कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह और धूमधाम से निकलती है। दीपावली, होली, रामनवमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, विजयादशमी और दुर्गा पूजा सहित सभी पर्व बिना किसी रोक-टोक के मनाए जाते हैं। प्रदेश में उत्सव का माहौल वापस लौटा है।

योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विरासत को सम्मान देते हुए विकास और अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और आर्थिक विकास का मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या समेत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है और इसका लाभ पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिल रहा है।

'अयोध्या से महाकुंभ तक विरासत को नई पहचान मिली', सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
रामपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या, काशी और प्रयागराज के विकास का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सम्मान देकर विकास का नया मॉडल बन चुका है।

कहा कि आज अयोध्या रेल, फोरलेन सड़क और हवाई मार्ग से देश-दुनिया से जुड़ चुकी है। महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने अयोध्या की पहचान को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि त्रेतायुग की स्मृतियों को संजोए अयोध्या आज विश्वभर के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गई है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले जय श्रीराम का नारा लगाने वालों पर लाठियां चलाई जाती थीं। रामभक्त जब रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे कहते थे, तब उन पर गोलियां चलाई जाती थीं। आज वही लोग भगवान राम की भक्ति और आस्था की बात कर रहे हैं। यह जनता की ताकत और लोकतंत्र की शक्ति है कि उन्हें अपना रुख बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पहले भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती थीं, लेकिन आज अयोध्या जाने की होड़ लगी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम सबके हैं और जनता सब कुछ देख रही है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम की भक्ति व्यक्ति को अन्याय और षड्यंत्र से लड़ने की शक्ति देती है।

उन्होंने हनुमान जी और कालनेमि का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि रामभक्ति हर प्रकार की बाधा को दूर करने का सामर्थ्य देती है। योगी ने कहा कि विपक्ष को इस बात की चिंता है कि अयोध्या इतनी भव्य कैसे हो गई, काशी विश्वनाथ धाम इतना सुंदर कैसे बन गया, मां विंध्यवासिनी धाम का कायाकल्प कैसे हो गया और प्रयागराज महाकुंभ ने देश-दुनिया को अपनी ओर कैसे आकर्षित कर लिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विरासत और विकास का ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया है, जिसमें धार्मिक आस्था, पर्यटन, आधारभूत ढांचा और अर्थव्यवस्था एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। यही नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।

गलत व्यक्ति के हाथ में चाकू पड़े तो डकैती डालेगा, सपा ने रामपुर के चाकू का किया दुरुपयोग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को रोजगार, प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पारंपरिक उद्योगों का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सरकार की भर्तियों में पारदर्शिता है और सरकारी नौकरियों का लाभ प्रदेश के युवाओं को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी प्रदेश सरकार नियुक्ति पत्र वितरित करती है और उनमें रामपुर के युवाओं का नाम होता है तो उन्हें खुशी होती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामपुर के युवा सरकारी नौकरियों से वंचित रह जाते थे, जबकि आज उन्हें योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की नीतियों के कारण बीमारू राज्य कहलाता था, आज देश की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर भारत की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के पारंपरिक उद्योग भी संकट में थे।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पुलिस और मंडी व्यवस्था के कारण उद्यमियों को परेशान किया जाता था। रामपुर का पैचवर्क, जरी-बूटा और वायलिन उद्योग भी कठिन दौर से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना ने रामपुर के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि चाकू अगर गलत व्यक्ति के हाथ में पड़ जाएगा तो वह उससे डकैती ही डालेगा। समाजवादी पार्टी ने रामपुर के चाकू का दुरुपयोग किया और जमीनों पर कब्जे करने का काम किया।

रामपुर के पारंपरिक उद्योग संकट में थे
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामपुर के पारंपरिक उद्योग संकट में थे। रामपुर का पैचवर्क, जरी-बूटा और वायलिन उद्योग अंधकार के दौर से गुजर रहे थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के माध्यम से इन्हें नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराया है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि चाकू अगर गलत व्यक्ति के हाथ में पड़ जाए तो वह डकैती डालेगा। समाजवादी पार्टी ने रामपुर के चाकू का दुरुपयोग कर जनता की जमीनों पर कब्जे किए, लोगों को प्रताड़ित किया, उनका शोषण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार आने के बाद यही चाकू अब सुरक्षा और हुनर का प्रतीक बन गया है।

रामपुर के पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है और सुरक्षा का बेहतर माहौल विकास की नई पहचान बन रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार रामपुर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। रेलवे फ्लाईओवर, सड़कों के चौड़ीकरण और फोरलेन परियोजनाओं को स्वीकृति देकर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ किसी एक क्षेत्र तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के सभी 75 जिलों और सभी विधानसभा क्षेत्रों तक समान रूप से पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक तहसील में फायर स्टेशन स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। जिन तहसीलों के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें स्वीकृति दी जा रही है।

जहां डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई की आवश्यकता है, वहां नए संस्थान खोले जा रहे हैं। वहीं पुराने विद्यालयों को प्रोजेक्ट अलंकार तथा बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों को ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की गति रुकने वाली नहीं है।

अब युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा और न ही बहन-बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अगर कोई बहन-बेटी के सम्मान के खिलाफ कदम उठाएगा तो उसे मालूम है कि उसके बाद कानून क्या कार्रवाई करेगा।

मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा श्रेय प्रदेश की जनता को जाता है, जिसने विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को चुना। उन्होंने कहा कि आपने अच्छे जनप्रतिनिधि और अच्छे विधायक चुने हैं, इसलिए विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गरीबों को राशन दो-दो, तीन-तीन और कई बार छह-छह महीने तक नहीं मिल पाता था, जबकि आज हर महीने नियमित रूप से मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ से ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पूरे वितरण तंत्र की निगरानी की जाती है।

यदि कहीं भी गड़बड़ी होती है तो सिस्टम तुरंत इसकी जानकारी देता है और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। पहले रसोई गैस सिलेंडर गरीबों के लिए सपना हुआ करता था, लेकिन आज हर गरीब परिवार तक उज्ज्वला योजना का लाभ पहुंचा है। इसी तरह पहले आयुष्मान भारत योजना का लाभ उपलब्ध नहीं था, जबकि आज पात्र गरीब परिवारों के पास पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि जिन पात्र लोगों के पास अभी आयुष्मान कार्ड नहीं है और उन्हें इलाज की जरूरत पड़ती है, उनके लिए विधायक प्रस्ताव भेजते हैं और मुख्यमंत्री राहत कोष से इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब सरकार की नीयत अच्छी होती है तो विकास भी तेजी से होता है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में बेहतर सड़कें, पुल, आधारभूत ढांचा और जनसुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।

मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से ही तेज होती है अर्थव्यवस्था: सीएम योगी
रामपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रफ्तार उसके मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें, पुल और एक्सप्रेसवे केवल वाहनों की गति नहीं बढ़ाते, बल्कि अर्थव्यवस्था को भी नई गति देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फोरलेन सड़कें केवल आपकी टू-व्हीलर या फोर-व्हीलर की स्पीड नहीं बढ़ातीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की रफ्तार भी बढ़ाती हैं। अगर इंफ्रास्ट्रक्चर कमजोर होगा तो अर्थव्यवस्था भी कमजोर होगी और उसका सबसे अधिक नुकसान आम नागरिक को उठाना पड़ेगा। वहीं मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर समृद्धि और विकास का आधार बनता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में इसी सोच के साथ आधारभूत ढांचे को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि रामपुर में फोरलेन सड़क संपर्क बेहतर हुआ है और आने वाले समय में गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर भी रामपुर से होकर गुजरेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह इकोनॉमिक कॉरिडोर पूर्वी उत्तर प्रदेश को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ने के साथ गोरखपुर को शामली और आगे पानीपत से जोड़ेगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा रामपुर के विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास की प्रक्रिया को और मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में रामपुर में करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और जनता को बधाई देते हुए कहा कि जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं तो विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ते हैं, गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचता है और कानून-व्यवस्था भी मजबूत होती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed