UP: रामपुर जिला अस्पताल में 24 घंटे में पांच मरीजों की मौत, प्रबंधन पर उठे सवाल, डाॅक्टर बोले- कारण बीमारी
रामपुर जिला अस्पताल में 24 घंटे के भीतर पांच मरीजों की माैत हो गई। तीमारदारों ने अस्पताल पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है। चिकित्सकों ने बताया कि मरीजों की माैत बीमारी के कारण हुई है।
विस्तार
रामपुर जिला अस्पताल में 24 घंटे के अंदर पांच मरीजों की मौत का मामला सामने आया है। मरीजों के तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उधर, अस्पताल प्रशासन ने मौत का कारण गंभीर बीमारी को बताया है।
जिला अस्पताल में रविवार रात पांच गंभीर मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां पर सोमवार सुबह तक उपचार के दौरान पांच मरीजों की मौत हो गई। इसमें अनोखे सिंह (80), जुबे (13) ,महफूज (33), शांति (70) और वीरवती (60) शामिल हैं।
जबकि जब्बार की हालत खराब होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। अस्पताल ने प्रशासन ने इलाज के दौरान तीन मरीज महफूज, अनोखे और शांति की मौत की पुष्टि की है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतकों के परिजन अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मरीजों का आरोप है कि वार्ड में भर्ती मरीज की हालत खराब होने पर इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन इमरजेंसी में डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिसके बाद इलाज के अभाव में मरीजों की मौत हो गई। सोशल मीडिया में इसका भी वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें तीमारदार डॉक्टर पर मौके पर नहीं होने का आरोप लगा रहे हैं।
इमरजेंसी वार्ड में तीन मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया था, हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें रेफर कर दिया था। मरीजों के परिजन उन्हें हायर सेंटर लेकर नहीं गए, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। साथ ही लापरवाही और डॉक्टर के गैरहाजिर होने के लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। जांच में सभी डॉक्टर ड्यूटी पर तैनात थे और वह अन्य वार्ड में ही मरीजों की जांच कर रहे थे। - डॉ.बीसी सक्सेना,सीएमएस जिला अस्पताल