पति ने ली पत्नी की जान: तमंचे के साथ सोता, 24 घंटे रखता साथ, शीला ने छिपाया तो मार डाला; घंटों पुलिस को छकाया
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने बड़े बेटे ऋषि को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोपी के पिता रामबहादुर ने बचा लिया। इसके बाद वह जंगल की तरफ भाग निकला।
विस्तार
यूपी के रामपुर स्थित रायपुर के मझरा गांव में शनिवार सुबह नौ बजे चूल्हे पर खाना बना रही महिला शीला (35) को उसके पति रामवीर ने सिर में गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने अपने बड़े बेटे को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन दादा ने उसे बचा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह पड़ोसी की छत पर चढ़कर तमंचा लहराता रहा। सात घंटे बाद नीचे उतरा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ने की थी लव मैरिज
14 साल पहले उसने लव मैरिज की थी। पुलिस के अनुसार, रामवीर पुत्र रामबहादुर की पत्नी शीला शनिवार सुबह अपने दो छोटे बच्चों को स्कूल भेजकर चूल्हे पर खाना बना रही थी। बड़ा बेटा ऋषि घर पर ही था। शीला की मां बसंती भी ससुराल में ही मौजूद थीं। आरोप है कि इस दौरान रामवीर ने अपनी पत्नी शीला की कनपटी पर गोली मार दी। उसकी चंद मिनटों बाद ही मौत हो गई।
बेटे को भी मारने की कोशिश की
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने बड़े बेटे ऋषि को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोपी के पिता रामबहादुर ने बचा लिया। इसके बाद वह जंगल की तरफ भाग निकला। इस दौरान जब ग्रामीणों ने उसे पकड़ने को कोशिश की तो उसने तमंचे से दो फायर कर दिए, जिससे लोग पीछे हट गए।
बहन ने समझाकर नीचे उतारा
कुछ देर बाद वह पड़ोसी के घर की छत पर चढ़ गया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह व सीओ हर्षिता सिंह, प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा उसे छत से नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह छत से तमंचा लहराता रहा। सात घंटे तक वह छत पर चढ़ा रहा। शाम पांच बजे उसकी बहन अनोखी और लोंगवती ने समझाकर नीचे उतारा। तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने मृतक शीला के शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
देसी तमंचे को लेकर हुआ विवाद
परिजनों ने बताया कि रामवीर ने 2011 में लव मैरिज की थी। रामवीर के पास 45 बीघा जमीन है, जिसमें वह खेती करता है। वह अपने पिता का इकलौता बेटा है। शीला की मां बसंती ने बताया कि वह परसों ही बेटी के घर आई थी। रामवीर देसी तमंचा लेकर घूमता था। छत पर भी तमंचा लेकर सोता था। पत्नी मना करती थी। कल शीला ने तमंचा छिपा दिया। इससे वह नाराज हो गया, तब शीला ने तमंचा लौटा दिया। शनिवार सुबह उसने खिचड़ी बनवाई और खाने की तैयारी में था। इसी दौरान शीला की कनपटी में तमंचे से गोली मार दी। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया घरेलू कलह की बात सामने आ रही है।