Saharanpur: आम के बाग में मिला युवक का शव, सिर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका
सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र में कैलाशपुर गांव के पास आम के बाग में एक युवक का शव मिला है। सिर पर ईंट और सीमेंट की टाइल्स से वार कर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
विस्तार
सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में कैलाशपुर गांव के पास एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव कब्रिस्तान के पास स्थित आम के बाग में पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और मौके से खून से सनी ईंट और सीमेंट की टाइल्स भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कैलाशपुर गांव में कब्रिस्तान के पास पठेड़ गांव निवासी अनुज राणा का आम का बाग है। इस बाग की देखभाल कैलाशपुर निवासी अमजद करता है। अमजद पिछले चार दिनों से एक शादी समारोह में गया हुआ था।
यह भी पढ़ें: UP: 25 हजार नौकरियों का मौका, 200 कंपनियां होंगी शामिल, सीएम योगी करेंगे रोजगार मेले का उद्घाटन
शनिवार दोपहर करीब एक बजे जब अमजद बाग में पहुंचा तो उसने वहां एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास लग रही है और शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक के सिर के पीछे चोट के गहरे निशान हैं और सिर पर खून भी चिपका हुआ मिला। शव के पास एक ईंट और सीमेंट की टाइल्स मिली हैं, जिन पर खून लगा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि ईंट और टाइल्स से वार कर युवक की हत्या की गई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए हाथापाई होने की भी संभावना जताई जा रही है।
बाहर का रहने वाला हो सकता है मृतक
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक की जेब से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या सामान नहीं मिला है। मृतक पेंट-शर्ट पहने हुए था। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि मृतक आसपास क्षेत्र का रहने वाला नहीं है।
पुलिस को शक है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पास में स्थित बंद पड़ी फैक्टरी की दीवार फांदकर फरार हो गए। बाग और फैक्टरी के बीच एक दीवार बनी हुई है, जो कई जगह से टूटी हुई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
मामले को लेकर सीओ सदर मनीष चंद्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ कहना संभव नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।