UP: सहारनपुर में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों दबोचा
सहारनपुर के मंडी थाना क्षेत्र की खाता खेड़ी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। शिकायत के बाद टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की।
विस्तार
सहारनपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मंडी थाना क्षेत्र की खाता खेड़ी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार पर एक शिकायतकर्ता से मामला निपटाने और राहत दिलाने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा गया।
यह भी पढ़ें: UP: यूजीसी, सवर्णों और कार्यकर्ताओं की नाराजगी, यूपी में फिर फतह हासिल करने को ये है RSS-भाजपा का नया फार्मूला
रिश्वत लेते ही टीम ने दबोचा
जैसे ही शिकायतकर्ता ने हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को 15 हजार रुपये दिए, उसी समय मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां हड़कंप मच गया।
सदर बाजार थाने में चल रही पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी हेड कांस्टेबल को अपने साथ लेकर सदर बाजार थाने पहुंची। वहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।