सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sambhal News ›   60 members of the Bhakiyu Apolitical Asli, who were staging a sit-in protest, were arrested and sent to jail.

Sambhal News: धरना दे रहे भाकियू अराजनैतिक असली के 60 लोग गिरफ्तार, जेल भेजे

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 20 Mar 2026 01:42 AM IST
विज्ञापन
60 members of the Bhakiyu Apolitical Asli, who were staging a sit-in protest, were arrested and sent to jail.
विज्ञापन
जुनावई (संभल)। जुनावई थाना क्षेत्र के गांव अहरोला नौआबाद में टी-प्वाइंट पर खनन रोकने की मांग पर धरने पर बैठे भाकियू अराजनैतिक असली के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्त में आए 60 लोगों में नाै महिलाएं भी शामिल हैं। पांच भाकियू पदाधिकारियों पर जानलेवा हमले और पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में कार्रवाई की गई है, जबकि बाकी 55 को शांति भंग के आरोप में पकड़ा है।
Trending Videos

गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किए गए लोगों में राष्ट्रीय सचिव ऋषिपाल सिंह, संभल जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, जुनावई ब्लॉक अध्यक्ष केदारी सिंह, सुभाष और दिलीप उर्फ टीटू शामिल हैं। भाकियू की यह टीम सात मार्च से धरना दे रही थी। बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह की मौजूदगी में वहां महापंचायत हुई। गुन्नौर के एसडीएम ने मौके पर जाकर किसान नेताओं को बताया कि खनन बुलंदशहर जिले की सीमा में गंगा किनारे किया जा रहा है। यह स्थान संभल जिले से सटा है। खनन के बालू को बेचने के लिए भेजने के दौरान वाहन इस जिले से गुजरते हैं। लिहाजा धरना खत्म कर दिया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस पर भाकियू अराजनीतिक असली के पदाधिकारियों ने इन वाहनों पर नंबर प्लेट न होने और हादसा करके इनके भाग जाने का मुद्दा उठाया। एसडीएम से वार्ता के बाद हरपाल सिंह लौट गए, जबकि मौके पर धरना दे रहे पदाधिकारियों की रात में खनन से जुड़े वाहन रोकने पर खनन करने वालों से तकरार हो गई। खनन कराने वाले हापुड़ के ततारपुर निवासी विपिन कुमार उर्फ मोनू ने आरोप लगाया कि बुधवार रात करीब आठ बजे किसान नेताओं ने वाहनों को जबरन रोककर रंगदारी मांगी और ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने इन आरोपों की तहरीर दर्ज करते हुए 60 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शांतिभंग की कार्रवाई की जद में आए 55 लोग एसडीएम कोर्ट में पेश किए गए। जहां से पांच दिन की हिरासत में जेल भेजा गया। जबकि पांच पदाधिकारियों को रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले की धाराओं में जेल भेजा गया है।


00



बुलंदशहर जिले में आवंटित है पट्टा

डीएम ने बताया कि 20 जनवरी 2026 से पहले से बुलंदशहर के ग्राम ऊंचागांव खादर के गाटा संख्या 01 खंड 02 रकबा 11.24 हेक्टेयर क्षेत्र में बालू के खनन का पट्टा निर्गत है। ग्राम अहरौला नौआबाद के रास्ते से बालू के वाहन ले जाते हैं। डीएम के मुताबिक केदारी सिंह, सुभाष गांव अहरौला नौआबाद थाना जुनावई, राजपाल सिंह यादव, गांव अजहरा थाना कैलादेवी, ऋषिपाल सिंह गांव भागनगर उर्फ मनिहार नंगला थाना धनारी, दिलीप उर्फ टीटू गांव ईशमपुर टांडा थाना गुन्नौर अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ शासन के आदेशों के अधीन नियमानुसार राजस्व भुगतान कर हो रहे खनन को रोकने की धमकी दे रहे थे। अवैध रूप से रंगदारी वसूल रहे थे। अब अधिक रुपयों की मांग की जा रही थी। इस मांग को पूरा नहीं करने पर जानलेवा हमला किया। डीएम ने कहा कि मुरादाबाद के बिलारी निवासी हरपाल सिंह द्वारा उन सभी लोगों को खनन रोकने के लिए उकसाया गया। डीएम ने कहा कि धरना देने वालों को गुन्नौर के एसडीएम द्वारा दो बार मौके पर जाकर समझाया गया। जीपीएस एप के माध्यम से स्थिति स्पष्ट की और बताया था कि रॉयल्टी के अनुसार बुलंदशहर जिले में ही खनन किया जा रहा है। इसके बाद भी रंगदारी की मांग की जा रही थी।
00



प्रशासन आरोप साबित कर दिखाए : हरपाल

भाकियू अराजनैतिक असली के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह का कहना है कि अवैध तरीके से खनन किया जा रहा है। उसके विरोध में किसान धरना प्रदर्शन कर रहे थे। किसानों को रास्ते से हटाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। रात के 12 बजे धरना स्थल से किसानों को उठाया गया। प्रशासन ने जो मुकदमा दर्ज किया है उसे साबित करके दिखाए। इस तरह से किसानों की आवाज नहीं दबाई जा सकती। किसानों द्वारा गिरफ्तारी देने का क्रम जारी है।
00
कोटःःःः
रंगदारी व जानलेवा हमले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। अन्य 55 आरोपियों को शांतिभंग के अंदेशे में जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed