नॉनवेज खाने पर पत्नी को मार डाला: फुकनी से सिर कूचा, फिर खुद ही पहुंचा थाने, बोला- शव घर के कमरे में पड़ा है
रविवार सुबह दुर्गेश ने अपनी पत्नी ज्योति की चूल्हे की फुकनी से सिर कूचकर हत्या कर दी। आरोपी ने नॉनवेज खाने को कारण बताया। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
नॉनवेज खाने पर रविवार सुबह रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिंघौली कल्लू निवासी दुर्गेश ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी ज्योति की चूल्हे की फुकनी से सिर कूचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रजपुरा थाने पहुंचा और वारदात की जानकारी दी। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
दुर्गेश की शादी जिला बदायूं के थाना जरीफ नगर अंतर्गत गांव विजयगढ़ी निवासी ज्योति से 19 अप्रैल 2025 को हुई थी। अभी कोई संतान नहीं है। रविवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे दुर्गेश रजपुरा थाने पहुंचा और पत्नी की हत्या करने की बात कही। उसने बताया कि नॉनवेज खाने के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। शव घर के कमरे में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। हत्या की सूचना पर ज्योति के परिजन पहुंचे तो रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतका की मां शकुंतला ने बताया कि उनकी बेटी का पति और ससुराली दहेज में कार देने और रुपये दिए जाने की मांग कर रहे थे। इस मांग को पूरा नहीं किया तो हत्या की वारदात अंजाम दे दी। आरोप लगाया कि आरोपी के कई अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। इसका भी बेटी विरोध करती थी। थाना प्रभारी रजपुरा संदीप चौधरी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वारदात में इस्तेमाल की गई चूल्हे की फुकनी बरामद कर ली है। आरोपी बार-बार बयान बदल रहा है। अभी तक वह स्पष्ट नहीं कर सका है कि उसने वारदात को अंजाम क्यों दिया है। आरोपियों के ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
शकुंतला ने बताया कि रविवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे बेटी ने कॉल की थी। बताया था कि पति ने मारपीट की है और वह लगातार परेशान कर रहा है। इसलिए लेने के लिए आ जाओ। बुलाने के लिए आने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान करीब साढ़े दस बजे हत्या की सूचना पुलिस द्वारा मिली। बताया कि दुर्गेश पहले भी मारपीट कर चुका था। लेकिन मामला शांत करा दिया था। इस बार जान ले ली।
पत्नी के साथ सोशल मीडिया पर रील्स शेयर करता था
दुर्गेश पत्नी के साथ काफी खुश रहता था और वह सोशल मीडिया पर पत्नी के साथ रील्स भी बनाकर शेयर करता था। ग्रामीणों ने बताया कि रील्स देखकर कभी नहीं लगता था कि वह अपनी पत्नी की हत्या भी कर सकता है। विवाद होना सामान्य बात है लेकिन सिर कूचकर हत्या कर देने से ग्रामीण भी अचंभित हैं। आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ आखिरी रील 13 मार्च को शेयर की थी। जिसमें वह पत्नी के साथ काफी खुश दिखाई दे रहा था।