UP: शाहजहांपुर में अभिनेता राजपाल यादव की 3.10 करोड़ की संपत्ति होगी नीलाम, बैंक ने चस्पा किया नोटिस
शाहजहांपुर जिले में अभिनेता राजपाल यादव की 3.10 करोड़ रुपये की संपत्ति नीलाम की जाएगी। ऋण की वसूली के लिए बैंक ने उनकी संपत्ति पर नोटिस चस्पा किया है। जानते हैं पूरा मामला...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। राजपाल यादव के ऋण नहीं चुकाने पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बंडा स्थित उनकी 3.10 करोड़ रुपये की संपत्ति को नीलाम करेगा। ऋण वसूली के लिए संपत्ति कुर्क कर नीलामी करने का नोटिस बैंक की ओर से शाहजहांपुर कचहरी के नजदीक स्थित उनके एक अन्य प्लॉट के बाहर भी चस्पा किया गया है।
राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी देवी पर बैंक का करीब 16 करोड़ 61 लाख रुपये का ऋण बकाया है। ऋण की धनराशि जमा नहीं किए जाने पर मुंबई ऋण वसूली न्यायाधिकरण की ओर से नीलामी प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे: बरेली से लखीमपुर तक संयुक्त सर्वे पूरा, जल्द शुरू होगी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया
बंडा में है 3.10 लाख की संपत्ति
जारी नोटिस में कहा गया है कि नीलामी में राजपाल यादव की बंडा स्थित पैतृक गांव कुंडरा की जमीन, उस पर बने भवन तथा मुंबई समेत अन्य स्थानों पर स्थित फ्लैट शामिल किए गए हैं। बंडा में स्थित संपत्ति की कीमत करीब तीन करोड़ 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के स्थानीय प्रबंधक अनुज वर्मा ने अनुसार, न्यायाधिकरण के आदेश के तहत संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी क्रम में शाहजहांपुर स्थित अभिनेता की संपत्ति पर नोटिस चस्पा किया गया है। संपत्ति की नीलामी नौ सितंबर को की जाएगी।
उलझनों से नहीं निकल पा रहे राजपाल
फिल्म अता पता लापता के निर्माण के बाद से अभिनेता राजपाल यादव उलझनों में फंसते जा रहे हैं। बैंक ने अब संपत्ति कुर्क कर नीलामी की तैयारी शुरू की है। साल 2012 में राजपाल यादव ने अता पता लापता फिल्म का निर्माण किया था। इस फिल्म के अपेक्षित प्रदर्शन न करने के बाद से वह मुसीबत में फंसते चले गए। पहले उद्योगपति माधौगोपाल से उनकी अनबन के चलते उन्हें जेल तक जाना पड़ा। अब बैंक के ऋण अदायगी नहीं करने पर उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से नोटिस जारी कर संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है। बैंक ई-ऑक्शन के जरिये नीलामी करेगा। सात सितंबर तक ऑनलाइन बिड जमा की जा सकेगी। इसके बाद नौ सितंबर को संपत्ति नीलाम कर दी जाएगी। बैंक के अनुसार, ऋण की बड़ी धनराशि अभी बकाया है। बैंक की कार्रवाई के बाद राजपाल यादव के पैतृक संपत्ति समेत अन्य संपत्तियां भी नीलामी की प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं।