शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन ने न्यूनतम वेतन लागू किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया।
जिलाध्यक्ष कमलजीत कौर के नेतृत्व में आशा वर्कर्स जीआईसी के खेल मैदान पर एकत्र हुईं। यहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट की ओर कूच किया। आशा वर्कर्स ने जोरदार तरीके से आवाज बुलंद की। इस बीच दिए गए ज्ञापन में बताया कि आशा, आशा संगिनी को सरकारी कर्मचारी के रूप में वर्गीकृत करते हुए प्रोत्साहन राशि के स्थान पर न्यूनतम वेतन लागू किया जाए।
सभी को ईपीएफ, ईएसआई का सदस्य बनाने, सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी का भुगतान, दस लाख स्वास्थ्य बीमा और 50 लाख का जीवन बीमा की मांग की गई। शाम को सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा भी धरनास्थल पर पहुंचे और ज्ञापन लिया। इस मौके पर सुनीता सिंह, सन्नाे देवी, गीता मिश्रा, सूरती देवी, नीता देवी, मनीषा, सुनील कुमार, मोनी, रोशनी, ऊषा देवी, कमला आदि मौजूद रहीं। संवाद