Shahjahanpur: रामलीला मैदान की चहारदीवारी का निर्माण शुरू, वित्त मंत्री के हस्तक्षेप से खत्म हुआ विवाद
खुदागंज में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के हस्तक्षेप के बाद रामलीला मैदान की क्षतिग्रस्त चहारदीवारी का निर्माण रविवार को शुरू हो गया। इसके बाद चार दिन से चल रहा लोगों का धरना भी समाप्त हुआ। इसके साथ ही बाजार दोपहर बाद खुल गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के खुदागंज में रामलीला मैदान की चहारदीवारी तोड़ दिए जाने का विवाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। रविवार को क्षतिग्रस्त चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही लोगों ने धरना भी समाप्त कर दिया और चार दिन से बंद यहां के बाजार भी दोपहर बाद खुल गए।
शनिवार को धरनास्थल पर पहुंचे विधायक वीर विक्रम सिंह से वार्ता के बाद भी हल नहीं निकल सका। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजय गुप्ता, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुधीर सिंह, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष कृपाशंकर रस्तोगी आदि से करीब डेढ़ घंटे तक चली वार्ता के दौरान विधायक ने कई बार संविधान सम्मत कार्रवाई पर जोर देते हुए धरना खत्म करने की सलाह दी।
विधायक ने यह भी कहा कि धरना की आड़ में शराबी तत्वों के उत्पात करने पर धरना में शामिल सभी लोगों पर रिपोर्ट दर्ज होने की दशा में एक साल तक जमानत भी नहीं हो सकेगी। विधायक की इन्हीं बातों को सुनकर व्यापारी नेता कृपाशंकर भावुक होकर फफक पड़े थे।
डीएम के निर्देश पर शुरू हुआ निर्माण
विधायक से बातचीत बेनतीजा रहने पर रविवार को सुबह शिष्टमंडल ने शाहजहांपुर जाकर वित्त मंत्री से मुलाकात की और मेला मैदान की चहारदीवारी के विवाद से जुड़े सारे पहलू रखे। वित्त मंत्री ने डीएम को प्रकरण से अवगत कराया। डीएम के निर्देश पर स्थानीय अधिकारियों ने मौके पर जाकर चहारदीवारी के तोड़े गए हिस्से का निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
सूचना मिलते ही धरनास्थल पर लोग खुशी से जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। धरना खत्म होने के बाद चार दिन से बंद बाजार खुलने से सन्नाटे में डूबी सड़कों पर चहल-पहल भी बढ़ गई। मेला कमेटी के पदाधिकारियों समेत निगोही के ब्लॉक प्रमुख भानु प्रताप सिंह ने पूरे प्रकरण को असत्य पर सत्य की जीत बताया है।