सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   Officials remained engaged throughout the day for the reinstallation of statues of martyrs.

Shahjahanpur News: बलिदानियों की प्रतिमाओं की पुनर्स्थापना के लिए दिनभर जुटे रहे अफसर

Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Thu, 26 Mar 2026 01:19 AM IST
विज्ञापन
Officials remained engaged throughout the day for the reinstallation of statues of martyrs.
नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना देते कांग्रेस के पदा​धिकारी। संवाद - फोटो : shrinagar news
विज्ञापन
शाहजहांपुर। नगर निगम परिसर में सुंदरीकरण के नाम पर काकोरी केस के अमर बलिदानियों की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करने पर मुख्यमंत्री के सख्त रुख अपनाने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को नगर निगम के अधिकारी खड़े होकर प्रतिमाओं को पुनर्स्थापित करने के लिए प्लेटफार्म आदि बनाने का काम कराते नजर आए। मरम्मत के बाद प्रतिमाओं को स्थापित किया जाएगा। निलंबित जेई और एई के खिलाफ विभागीय जांच भी की जाएगी।
Trending Videos




टाउन हॉल में नगर निगम कार्यालय के बाहर अमर बलिदानियों की प्रतिमास्थल के सुंदरीकरण के लिए मेसर्स फ्लाई इंफ्राटेक को 40 लाख रुपये में ठेका दिया गया था। 22 मार्च की रात फर्म ने काकोरी केस के अमर बलिदानी पं. रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठा. रोशन सिंह और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रेमकृष्ण खन्ना की प्रतिमाओं को बुलडोजर से क्षतिग्रस्त कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

अमर बलिदानियों के अनादर की जानकारी लोगों को हुई तो हंगामा हो गया। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। इसकी आंच लखनऊ तक पहुंच गई। इस मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए निगरानी में लापरवाही बरतने पर नगर निगम के निर्माण विभाग के एई मनोज कुमार और जेई प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया था।
फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के साथ ही मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी की ओर से थाना सदर बाजार में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। मुख्यमंत्री के 24 घंटे में प्रतिमाओं को पुनर्स्थापित करने के आदेश के बाद बुधवार को आनन-फानन में अधिकारियों ने नगर निगम परिसर के बाहर प्लेटफाॅर्म बनवाना शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं की मरम्मत की गई है। इसके बाद प्रतिमाएं स्थापित कर दी जाएंगी। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रतिमाओं को स्थापित कराया जा रहा है। जेई और एई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
------

अधिकारियों पर लटक रही तलवार, सब दे रहे सफाई
मुख्यमंत्री के संज्ञान में लेने के बाद दो इंजीनियर पर पहले ही गाज गिर चुकी है। अन्य अधिकारियों पर भी शासन की तलवार लटकी हुई है। इसका खौफ अधिकारियों के चेहरे पर दिखाई दे रहा है। सब अपनी-अपनी सफाई देने में लगे हुए हैं। अधिकारियों को डर सता रहा है कि कहीं अगली कार्रवाई उनके ऊपर न हो जाए।

--
कांग्रेस ने घेरा नगर निगम...फूंका पुतला

शाहजहांपुर। काकोरी एक्शन केस के अमर नायकों की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने के विरोध में दूसरे दिन भी आक्रोश नहीं थमा है। कांग्रेस ने बुधवार को नगर निगम परिसर में धरना देते हुए जोरदार नारेबाजी की। युवक कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन का पुतला दहन कर विरोध जताया। अफसरों से क्षतिग्रस्त मूर्तियों को सौंपने की मांग की।

बुधवार को कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता टाउन हॉल स्थित कार्यालय पर एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए नगर निगम परिसर में बैठे। यहां पर काकोरी केस के अमर नायकों के बड़े कटआउट पहले ही लगा दिए गए थे। कांग्रेसजनों ने यहां पहुंचकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ और मेयर इस्तीफा दो के नारे लगाते हुए धरना शुरू कर दिया।

युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रामजी अवस्थी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और नगर निगम प्रशासन का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस बीच नगर आयुक्त डॉ. बिपिन मिश्रा ने संदेशा भेजा कि कांग्रेस अध्यक्ष पांच वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यालय में आकर वार्ता कर लें। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कार्यालय में बातचीत से इन्कार कर दिया।
इसके बाद नगर आयुक्त धरनास्थल पर आए। यहां शहीद के प्रपौत्र अशफाक उल्ला खां ने कहा कि प्रतिमाओं को हटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई क्यों की गई? किसी सामाजिक संगठन या उन्हें ही सौंप देते। वह प्रतिमाओं को उचित जगह पर स्थापित करा देते। जिलाध्यक्ष ने जोर देते हुए कहा कि जब तक क्षतिग्रस्त की गईं मूर्तियों को उन्हें नहीं दिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। अगली रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस ने धरना समाप्त कर दिया।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, प्रदेश महासचिव कुमुद गंगवार, अनूप वर्मा, हरदोई जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे, बदायूं के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह, बदायूं कोऑर्डिनेटर सुनीता सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना कटारिया, सईद अंसारी, पार्षद तालिब खान, पूनम पांडेय, तनवीर सफदर, पवन सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद

---

प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन

जलालाबाद। समाजवादी लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में संगठन के कार्यकर्ता एसडीएम प्रभात राय से मिले और उन्हें राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। संवाद
---
फोटो 14
विदेशों तक पहुंची शहीदों के अपमान की खबर : सुधीर विद्यार्थी
शाहजहांपुर। लेखक सुधीर विद्यार्थी ने काकोरी केस के अमर नायकों की प्रतिमाएं तोड़े जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वर्ष 1972 में आजादी के रजत जयंती वर्ष पर नगर पालिका की चेयरमैन ने प्रतिमाएं लगवाईं थीं। इन प्रतिमाओं को टुकड़े-टुकड़े करते हुए डंपिंग ग्राउंड में डाल दिया गया। शहीदों के अपमान की खबर देश से लेकर विदेशों तक पहुंची है और लोगों में आक्रोश है। दिल्ली के बुद्धजीवी वर्ग के लोग भी एक तिथि तय कर आंदोलन करने आ सकते हैं।
बुधवार को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुधीर विद्यार्थी ने कहा कि शहीद संग्रहालय, शहीद उद्यान में इतनी अच्छी प्रतिमाएं नहीं लगी हैं, जितनी नगर निगम परिसर के बाहर लगी थीं। उन्होंने अफसोस जताया कि संवेदनहीनता के साथ शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर प्रतिमाओं को तोड़ दिया गया। तस्वीरों में दिख रहा है कि शहीद अशफाक का सिर अलग पड़ा है। शहीदों के जिले में ही हुक्मरानाें ने उन्हें दोबारा से मृत्युदंड दिया है। उन्होंने शासन स्तर से की गई कार्रवाई से असहमति जताई। कहा कि इस अपमान से कैसे उबरा जाए, इस पर चर्चा की जाएगी।

शहीद के प्रपौत्र अशफाक उल्ला खां ने कहा कि स्टेच्यू बनना बहुत मुश्किल हैं। शहीदों की शक्लें मिलाने के लिए मूर्तिकार उनसे संपर्क साधते हैं। शहीदों की पुरानी प्रतिमाओं के परिचय पर कई बार काम हुआ था। नगर निगम स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहा है। ऐसे में आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि पार्षदाें व शहीद अशफाक उल्ला खां के परिजनों को मिलाकर कमेटी बनाकर जांच कराई जाए। जब तक परिजन सहमत नहीं होंगे, आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस नेता तनवीर सफदर ने शहीदों की प्रतिमाओं को ध्वस्त करने वाली जेसीबी मशीन को सीज किए जाने की मांग की। इस मौके पर हरदोई कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय, पवन सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
---------------
पुतला फूंककर जताया विरोध

मीरानपुर कटरा। अमर बलिदानियों की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त होने के मामले में जलालाबाद राज्यमार्ग किनारे कार्यालय के बाहर भारतीय कृषक दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों का पुतला फूंका। इस दौरान जिलाध्यक्ष भानुप्रताप गंगवार समेत दल के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद
-----------------
जेई और एई के खिलाफ विभागीय जांच करेंगे अधिकारी

नगर निगम के बाहर शहीद प्रतिमा स्थल पर स्थापित प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने के मामले में निलंबित किए गए अवर और सहायक अभियंताओं की विभागीय जांच भी होगी। शासन के नगर विकास अनुभाग के विशेष सचिव उदयभानु त्रिपाठी ने पत्र जारी किया है। 23 मार्च को प्रतिमाएं टूटने का मामला प्रकाश में आने के बाद अपर नगर आयुक्त व मुख्य अभियंता की संयुक्त टीम ने जांच में पाया कि सहायक अभियंता सिविल मनोज कुमार ने फर्म से संपर्क स्थापित कर कुशल पर्यवेक्षण किया होता तो यह घटना नहीं घटती। उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई संस्थित करते हुए प्रकरण की जांच के लिए बरेली के अपर आयुक्त प्रशासन को जांच अधिकारी नामित किया है। वहीं, अवर अभियंता प्रमोद कुमार को पर्यवेक्षणीय दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से न करने का दोषी पाया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच के लिए नगर निकाय निदेशालय के सहायक निदेशक सत्यपाल सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है। दोनों अभियंता निलंबन अवधि में लखनऊ निदेशालय से संबद्ध रहेंगे।
-----------
प्रतिमाओं को जल्द से जल्द सुरक्षित ढंग से रखवाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। प्लेटफाॅर्म बनकर तैयार हो गया है। नए बना प्लेटफाॅर्म सूखकर मजबूत हो जाने पर उन पर प्रतिमाएं रखवाईं जाएंगी। अधिकारी कार्य की पूरी निगरानी कर रहे हैं।
-धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम
-------------
प्रतिमाओं के क्षतिग्रस्त होने के मामले की जांच सदर बाजार थाने के उपनिरीक्षक सुशील कुमार कर रहे हैं। मामले में सीसीटीवी फुटेज देखे जाने के साथ ही साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है।
-राजेश द्विवेदी, एसपी

नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना देते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद

नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना देते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद- फोटो : shrinagar news

नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना देते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद

नगर निगम कार्यालय परिसर में धरना देते कांग्रेस के पदाधिकारी। संवाद- फोटो : shrinagar news

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed