शाहजहांपुर। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ व उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक जिला कोषाध्यक्ष नितिन मिश्रा के ब्रज विहार कॉलोनी स्थित आवास पर हुई। इसमें वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता के विरोध में चार अप्रैल को दिल्ली में होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर तैयारी की गई।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष यशपाल ने कहा कि सभी शिक्षक शासन से निर्धारित योग्यताओं के आधार पर चयनित हुए हैं। सेवा के अंतिम पड़ाव पर नई शर्तें थोपना न्याय सिद्धांतों के विपरीत है। सभी साथी चार अप्रैल के धरना-प्रदर्शन में दिल्ली चलने के लिए तैयार रहें। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मगरेलाल ने कहा कि अधिकांश शिक्षक 50 वर्ष की आयु पार कर चुके हैं और सेवानिवृत्ति के निकट हैं।
ऐसे में परीक्षा की अनिवार्यता पूर्णतया अन्यायपूर्ण है। विश्राम सिंह ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने, सेवा से पृथक्करण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। बैठक में संरक्षक राजकुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष भावलखेड़ा ब्रजेश कुमार वर्मा, अवनीश यादव, महेंद्र सिंह, रमेश कुमार, त्रिभुवन नाथ, मनोज कुमार शर्मा, महेंद्र पाल सिंह चौहान, आयुष बंसल आदि मौजूद रहे।