Meerut: कांवड़ यात्रा में सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने किया निरीक्षण
कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित मेरठ दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ने दूल्हेड़ा चुंगी और शोभित विश्वविद्यालय पहुंचकर सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने दूल्हेड़ा चुंगी पहुंचकर कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, जल निकासी, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हाईवे पर नियमित सफाई, मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
यह भी पढ़ें: Baghpat: सावन के पहले सोमवार पर पुरा महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवालयों में दिनभर रही भीड़
शोभित विश्वविद्यालय का भी किया निरीक्षण
जिलाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के साथ शोभित विश्वविद्यालय भी पहुंचे। यहां अधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर, प्रवेश मार्ग, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। दरअसल, पिछले वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शोभित विश्वविद्यालय पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने दूल्हेड़ा चुंगी स्थित चौकी पर खड़े होकर हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया था।
विभागों के बीच समन्वय के साथ तैयारियां अंतिम चरण में
पिछले वर्ष के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन इस बार भी मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।